

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Parliament heated up over slogans raised at a Congress rally; Union Minister Nadda demanded an apology from Rahul and Sonia Gandhi, while Rijiju said,
नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के 11वें दिन आज सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक नारेबाजी को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। भाजपा सांसदों ने इस मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
भाजपा का आरोप: ‘कब्र खोदने’ जैसे अपमानजनक नारे लगाए गए
भाजपा सांसदों ने आरोप लगाया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। भाजपा का कहना है कि रैली में ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगाए गए, जो निंदनीय हैं।
जेपी नड्डा का बयान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संसद में कहा,“बहुत दुख और उद्वेलित मन से मैं यह मुद्दा उठा रहा हूं। कल कांग्रेस की रैली में ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी, आज नहीं तो कल खुदेगी’ जैसे नारे लगे। यह कांग्रेस पार्टी की मानसिकता और सोच को दर्शाता है।”
उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा के लिए माफी मांगने की मांग की।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का हमला
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा,“140 करोड़ भारतीयों के प्रधानमंत्री और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक के खिलाफ इस तरह के नारे लगना बेहद शर्मनाक है। इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या हो सकता है।”
प्रियंका गांधी का की प्रतिक्रिया
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा,“हमें नहीं पता कि यह नारा किसने लगाया। रैली के मंच से किसी भी नेता ने ऐसा कुछ नहीं कहा। बाद में पता चला कि किसी ने इंटरव्यू में ऐसा बयान दिया है। भाजपा को खुद नहीं मालूम कि नारे किसने लगाए।”
रामलीला मैदान की रैली से जुड़ा विवाद
यह पूरा विवाद बीते रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर रैली के वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें कांग्रेस की कुछ महिला नेताओं और समर्थकों को कथित रूप से विवादित नारे लगाते हुए देखा गया।
महिला कांग्रेस नेता का पक्ष
इन वीडियो में जयपुर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष मंजू लता मीणा भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि वोट में कथित धांधली को लेकर जनता में भारी आक्रोश है और नारेबाजी के जरिए उसी गुस्से को व्यक्त किया गया।
संसद में कार्यवाही प्रभावित
इस मुद्दे को लेकर संसद में भारी हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित रही। भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जिससे सत्र का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।