

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Surguja Olympics will be organised on the lines of Bastar Olympics CM unveiled the logo and mascot Gajru of Surguja Olympics
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित होने वाले सरगुजा ओलंपिक 2026 के प्रतीक चिन्ह (लोगो) और शुभंकर “गजरु” का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरगुजा अंचल के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब बस्तर की तरह सरगुजा की खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का सशक्त मंच मिलेगा।

3.5 लाख खिलाड़ियों के पंजीयन पर मुख्यमंत्री ने जताई प्रसन्नता
मुख्यमंत्री साय ने 12 खेल विधाओं में लगभग 3 लाख 50 हजार खिलाड़ियों के पंजीयन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, यह संख्या सरगुजा अंचल के युवाओं के उत्साह, ऊर्जा और खेलों के प्रति समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक की तरह सरगुजा ओलंपिक भी जनभागीदारी के साथ नई ऊंचाइयों को छुएगा।
विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी अकादमी में सीधी एंट्री: उप मुख्यमंत्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को राज्य की प्रशिक्षण अकादमियों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा और उन्हें यूथ आइकॉन घोषित कर युवाओं व बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
लोगो में झलकी सरगुजा की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान
सरगुजा ओलंपिक 2026 का लोगो अंचल की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना का जीवंत प्रतीक है। लोगो के केंद्र में मैनपाट स्थित प्रसिद्ध टाइगर पॉइंट जलप्रपात को दर्शाया गया है, जो ऊर्जा, हरियाली और निरंतर प्रवाह का प्रतीक है। चारों ओर 12 खेलों के प्रतीक चिन्ह समावेशिता और समान अवसर का संदेश देते हैं। लाल रंग का विशेष सांस्कृतिक महत्व पहाड़ी कोरवा जनजाति की परंपराओं से जुड़ा है, जहां यह शक्ति, साहस और जीवन ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।

शुभंकर ‘गजरु’ देगा एकता और टीमवर्क का संदेश
सरगुजा ओलंपिक का शुभंकर ‘गजरु’ हाथी के स्वरूप में तैयार किया गया है, जो आदिवासी समाज में बल, धैर्य, बुद्धिमत्ता और एकता का प्रतीक है। इसकी विशेषताएं शक्ति, अनुशासन, संतुलन और निरंतर प्रयास खेल भावना को दर्शाती हैं, जबकि झुंड में चलने की प्रवृत्ति टीमवर्क और सामूहिक सहभागिता का संदेश देती है।
विकासखंड से संभाग स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं
सरगुजा ओलंपिक के लिए 28 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक पंजीयन किया गया, जिसमें 6 जिलों से लगभग 3.50 लाख प्रतिभागियों ने हिस्सा लेने के लिए पंजीयन कराया। इनमें 1.59 लाख पुरुष और 1.89 लाख महिलाएं शामिल हैं।

कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, रस्साकसी सहित 12 खेल विधाओं में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, सचिव खेल यशवंत कुमार, संचालक खेल तनुजा सलाम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
