

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

116-year-old Navnithamma's unwavering faith: she climbed 3,550 steps on foot to reach Tirupati and received VIP darshan.
अमरावती। श्रद्धा और संकल्प के आगे उम्र भी छोटी पड़ जाती है। इसका जीवंत उदाहरण 116 वर्षीय नवनीथम्मा ने पेश किया है। आंध्र प्रदेश की इस बुजुर्ग महिला ने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुमला की पहाड़ियों तक पैदल यात्रा की और करीब 3550 सीढ़ियां चढ़कर मंदिर पहुंचीं। उनकी इस अद्भुत आस्था का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने उन्हें विशेष वीआईपी दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई।
नवनीथम्मा अपने परिवार के सहयोग से तिरुमला के प्रसिद्ध अलिपिरी पैदल मार्ग से भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए रवाना हुईं। उन्होंने लगभग 9 किलोमीटर लंबा रास्ता और 3550 सीढ़ियां पार कर मंदिर तक पहुंचकर अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया।
बुजुर्ग महिला की पैदल यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। उनकी उम्र और दृढ़ इच्छाशक्ति को देखकर लोग भावुक हो गए और उनकी भक्ति की जमकर सराहना की।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी नवनीथम्मा की भक्ति की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जब आस्था सच्ची हो, तो उम्र केवल एक संख्या बनकर रह जाती है। उन्होंने नवनीथम्मा के साथ-साथ उनके परिवार की भी प्रशंसा की, जिसने उनकी इस इच्छा को पूरा करने में पूरा सहयोग दिया।
वीडियो सामने आने के बाद तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अध्यक्ष बी.आर. नायडू ने अधिकारियों को तत्काल नवनीथम्मा का पता लगाकर उन्हें सम्मानपूर्वक मंदिर लाने के निर्देश दिए। इसके बाद टीटीडी अधिकारियों ने उनकी बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कराई और उन्हें बिना किसी परेशानी के विशेष वीआईपी ब्रेक दर्शन की व्यवस्था कराई।