

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

12 people died after consuming poisonous liquor in Pimpri-Chinchwad, Maharashtra; 8 arrested in connection with the poisonous liquor case.
मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में जहरीली शराब पीने से अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि कई अन्य लोगों का अस्पतालों में इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ पीड़ितों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
फुगेवाड़ी-दापोडी समेत कई इलाकों में फैला असर
सबसे अधिक मौतें पिंपरी-चिंचवड़ के फुगेवाड़ी और दापोडी क्षेत्रों में दर्ज की गई हैं। इसके अलावा पुणे के काले पड़ल और हडपसर इलाकों से भी जहरीली शराब पीने के बाद लोगों की मौत की खबर सामने आई है। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है।
मुख्य आरोपी योगेश वानखेड़े समेत 8 गिरफ्तार
मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे पुलिस और राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब माफिया योगेश वानखेड़े सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
मिथेनॉल मिलाने का संदेह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध रूप से तैयार की गई शराब में मिथेनॉल मिलाया गया था। मिथेनॉल एक अत्यंत जहरीला रसायन है, जिसके सेवन से आंखों की रोशनी जाने, अंग फेल होने और मौत तक की आशंका रहती है। जांच एजेंसियां शराब के नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज चुकी हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अवैध शराब कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के निर्देश दिए हैं।
लगातार जारी है छापेमारी अभियान
पुलिस की कई टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और सप्लाई से जुड़े पूरे गिरोह को पकड़ने तक अभियान जारी रहेगा।