

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: 15 juveniles escape from Ambikapur's Place of Safety, assault guard and flee
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी बालक संस्था से 15 अपचारी बालकों के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और फरार बालकों की तलाश तेज कर दी गई है।
गार्ड पर हमला कर हुए फरार
मिली जानकारी के मुताबिक, फरार होने से पहले अपचारी बालकों ने ड्यूटी पर तैनात गार्ड को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। इस हमले में गार्ड घायल हो गया। इसके बाद सभी बालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
5 बालक पकड़े गए, 10 अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, फरार हुए 15 अपचारी बालकों में से 5 को पकड़ लिया गया है, जबकि 10 अभी भी फरार हैं। पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस टीम लगातार संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही है।
गंभीर मामलों में बंद थे किशोर
बताया जा रहा है कि इस संस्था में हत्या, चोरी, दुष्कर्म और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में शामिल किशोरों को रखा जाता है। घटना के बाद संस्था की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि हाल ही में रायपुर जिले के माना स्थित बाल सुधार गृह से भी 10 अपचारी बालक फरार हो गए थे। ये बालक हत्या और दुष्कर्म जैसे मामलों में बंद थे। हालांकि बाद में पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अंबिकापुर मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और फरार बालकों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी अपचारी बालकों को भी पकड़ लिया जाएगा।