

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur: 36.50 lakh theft busted within 24 hours, officer's friend among two arrested
रायपुर। राजधानी रायपुर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रजिस्ट्री ऑफिस से एफसीआई अधिकारी से हुई 36 लाख 50 हजार रुपए की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे में सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है। मामले का खुलासा उमेश गुप्ता ने किया। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
रजिस्ट्री के लिए लाए थे रकम
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी ज्ञानप्रकाश पांडे, जो भारतीय खाद्य निगम में अधिकारी हैं, ने 16 फरवरी को थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम पिरदा स्थित जमीन को 36 लाख 50 हजार रुपए में खरीदने का सौदा हुआ था। टोकन राशि देने के लिए वे अपने मित्र नितिन सोनी के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे थे।
ज्ञानप्रकाश ने कार मल्टीलेवल पार्किंग महतारी चौक में खड़ी कर चाबी नितिन सोनी को सौंप दी और खुद रजिस्ट्री कार्यालय चले गए। कुछ देर बाद नितिन ने फोन कर बताया कि कार में रखे थैले से पूरी रकम चोरी हो गई है। संदेह होने पर प्रार्थी ने मामले की शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में कार के पास एक स्कूटी सवार संदिग्ध व्यक्ति आते-जाते दिखाई दिया। साथ ही पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थल का पुनर्निर्माण (रिक्रिएशन ऑफ सीन) किया।
पूछताछ में दोस्त ने कबूला अपराध
पूछताछ के दौरान नितिन सोनी बार-बार बयान बदलता रहा। पुलिस की सख्ती और घटनास्थल के पुनर्निर्माण के बाद उसने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम हड़पने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कर्ज में डूबा था आरोपी
पूछताछ में सामने आया कि नितिन सोनी और ज्ञानप्रकाश पांडे के बीच लंबे समय से दोस्ती थी। नितिन भारी कर्ज में डूबा हुआ था और इसी वजह से उसने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम हड़पने की योजना बनाई। घटना वाले दिन नितिन ने ज्ञानप्रकाश को भरोसे में लेकर रजिस्ट्री कार्यालय भेज दिया और तनवीर को बुलाकर कार से रकम निकाल ली। इस काम के बदले नितिन ने तनवीर को 2 लाख रुपए देने का वादा किया था।
पूरी रकम बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 36 लाख 50 हजार रुपए जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।