

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: 22nd installment of PM Kisan Samman Nidhi released, Rs 498.83 crore transferred to the accounts of 24 lakh farmers of Chhattisgarh.
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की राजधानी गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किश्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में लगभग 18 हजार 640 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।
रायपुर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित पीएम किसान सम्मान निधि राशि अंतरण एवं किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रदेश के किसान भाइयों और बहनों के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत किसानों को हर साल तीन किश्तों में कुल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो किसानों के परिश्रम और योगदान का सम्मान है।
.jpeg)
किसानों के खातों में पहुंच चुके 11 हजार करोड़ से अधिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 11 हजार 283 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद 13 लाख किसानों के खातों में 3 हजार 716 करोड़ रुपये बोनस भी अंतरित किए गए।
21 क्विंटल धान खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। साथ ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि होली से पहले अंतरित की गई।

फसल विविधीकरण और सिंचाई पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों की खेती को प्रोत्साहित कर रही है।
सिंचाई के लिए कृषि पंपों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए इस वर्ष के बजट में 5 हजार 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए 40 करोड़ रुपये और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए दो वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
कृषि मंत्री ने किसानों से की अपील
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। उन्होंने किसानों से धान के साथ-साथ अन्य फसलों की खेती करने की अपील की, जिससे पानी की बचत होगी और किसानों की आय बढ़ेगी।
इस मौके पर विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, कृषि विभाग के संचालक राहुल देव, बीज विकास निगम के एमडी अजय अग्रवाल और कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
