

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Chief Minister presented Tata Sierra to Chhattisgarh's daughter Akanksha Satyavanshi
रायपुर। छत्तीसगढ़ की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को आज एक विशेष सम्मान मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित समारोह में आकांक्षा सत्यवंशी को टाटा सिएरा कार उपहार स्वरूप प्रदान की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियों ने विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने महिला क्रिकेट टीम को प्रोत्साहित करने के लिए टाटा मोटर्स की इस पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करने से युवाओं को प्रेरणा मिलती है और वे बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए आगे बढ़ते हैं।
खेल अधोसंरचना से निखर रही खिलाड़ियों की प्रतिभा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि खेल अधोसंरचना के विकास से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएँ मिल रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से दूर-दराज के क्षेत्रों के युवा भी खेलों से जुड़ रहे हैं। साथ ही, नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने से प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है।
मुख्यमंत्री का स्नेह हमेशा हौसला बढ़ाता है
इस अवसर पर आकांक्षा सत्यवंशी ने कहा कि विश्व कप जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश की बेटी के रूप में विशेष रूप से मिलने के लिए आमंत्रित किया, जो उनके लिए गर्व की बात है। आकांक्षा ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा उनका मनोबल बढ़ाता है। उन्होंने टीम के साथ अपने अनुभव और विश्व कप जीत की यात्रा से जुड़े कुछ खास पल भी साझा किए।
विश्व कप जीत के उपलक्ष्य में मिला सम्मान
उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला विश्व कप 2025 जीतकर इतिहास रचा था। इस उपलब्धि के सम्मान में टाटा मोटर्स ने टीम के सदस्यों को टाटा सिएरा एसयूवी कार उपहार देने की घोषणा की थी। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की निवासी आकांक्षा सत्यवंशी को भी यह सम्मान प्रदान किया गया।