

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Rajnandgaon to be developed as a model city; groundbreaking ceremony for development works worth over 226 crore rupees, 2,000-seater auditorium to be built
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राजनांदगांव को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मॉडल सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने शनिवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से नगर पालिक निगम राजनांदगांव के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान 226 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई।
मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह भूमिपूजन केवल विकास कार्यों की शुरुआत नहीं, बल्कि शहर के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
शहर के 51 वार्डों में पहुंचेगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के साथ प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास के लिए काम कर रही है। शहर की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि राजनांदगांव के 51 वार्डों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
अमृत मिशन के तहत लगेंगे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट
अमृत मिशन 2.0 के तहत शहर में दो नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इससे घरेलू अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से उपचार होगा और गंदा पानी नदियों और नालों में जाने से रोका जा सकेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नागरिकों के स्वास्थ्य की भी सुरक्षा होगी।
2 हजार सीटर का बनेगा अत्याधुनिक ऑडिटोरियम
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजनांदगांव में 2 हजार सीटर का अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। यह शहर की कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच देगा। इससे स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिलेंगे और यह ऑडिटोरियम शहर की नई पहचान बनेगा।
सड़क चौड़ीकरण और ट्रांसपोर्ट नगर का उन्नयन
मुख्यमंत्री नगरोउत्थान योजना के तहत शहर में सड़कों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर के उन्नयन, नाला निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और कचरा प्रबंधन संयंत्र की स्थापना भी की जाएगी।
स्वच्छता को मजबूत करने पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए नए संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य यह है कि राजनांदगांव केवल स्वच्छता सर्वेक्षण में भाग लेने वाला शहर न रहे, बल्कि देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में अपनी पहचान बनाए।
रमन सिंह ने बताया विकास का रोडमैप
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष Raman Singh ने कहा कि राजनांदगांव उनके दिल के बेहद करीब है और यह दिन शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि संकल्प बजट 2026-27 में राजनांदगांव जिले के समग्र विकास के लिए 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि शिवनाथ नदी के संरक्षण और विकास के लिए 250 करोड़ रुपये की योजनाएँ स्वीकृत की गई हैं। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा, नगरीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से भी कई विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।
खेल सुविधाओं के लिए भी बजट
खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए हॉकी स्टेडियम में टर्फ सहित सुविधाओं के निर्माण हेतु 8.80 करोड़ रुपये और दिग्विजय स्टेडियम में खेल सुविधाओं के विकास के लिए 6 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद सांसद संतोष पांडेय, छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और महापौर मधुसूदन यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।