

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: 24 school children fall ill after midday meal in Bastar, health department on alert
जगदलपुर। बस्तर जिले के ग्राम पंचायत लोहंडीगुड़ा के एरंडवाल स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मध्यान्ह भोजन के बाद 24 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को कमजोरी, चक्कर और घबराहट जैसी शिकायतें होने लगीं।
भोजन और दवा के बाद बिगड़ी हालत
विद्यालय के शिक्षकों सुनील मिंज और नीलाराम बघेल ने बताया कि बच्चों ने मध्यान्ह भोजन में पत्ता गोभी की सब्जी खाई थी। इसके बाद नियमित कार्यक्रम के तहत फाइलेरिया रोधी दवा एल्बेंडाजोल की गोली दी गई। कुछ ही समय बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी।
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य टीम पहुंची मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी.आर. मैत्री स्कूल पहुंचे और बच्चों की स्थिति का जायजा लिया।
तत्काल प्राथमिक उपचार, हालत स्थिर
सूचना मिलने पर आरएमए राजेंद्र कुमार साहू और बड़े आरापुर की सीएमएचओ रिंकी भगत भी तुरंत स्कूल पहुंचीं। सभी प्रभावित बच्चों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग कर रहा जांच
सरपंच विश्वनाथ बघेल ने घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। मौके पर मितानिन सोनदाई, लच्छमति, सुबली, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मेटे मौर्य और दिनेश्वरी बघेल भी मौजूद रहीं। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहा है कि बच्चों की तबीयत भोजन या दवा के कारण बिगड़ी।
स्थिति नियंत्रण में, अभिभावकों को दी गई जानकारी
फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर बच्चों की निगरानी जारी रखने और अभिभावकों को पूरी जानकारी देने की बात कही है।