

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

300 kg suspicious paneer-seized raipur bhopal amarkantak express
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई का एक और मामला सामने आया है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार सुबह करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा। यह पनीर भोपाल से अमरकंटक एक्सप्रेस के जरिए छह बक्सों में भरकर रायपुर लाया गया था। जांच के दौरान पनीर की पैकिंग और निर्माण तिथि में गंभीर गड़बड़ी मिलने के बाद विभाग ने पूरे खेप को नष्ट करवा दिया।
जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे अमरकंटक एक्सप्रेस रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची थी। ट्रेन से पनीर के छह बक्से उतारे गए थे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को पहले से ही इस खेप के आने की सूचना मिल गई थी। इसके बाद विभागीय टीम ने रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर पनीर को जब्त किया।
150 किलो पनीर पर नहीं था कोई लेबल
जांच के दौरान सामने आया कि छह बक्सों में से तीन बक्सों में रखे करीब 150 किलो पनीर पर किसी तरह का लेबल नहीं लगा था। वहीं, बाकी तीन बक्सों में रखे 150 किलो पनीर पर भोज मीडियम फैट पनीर का लेबल लगा हुआ था। हैरानी की बात यह रही कि पैकेट पर निर्माण तिथि 25 नवंबर अंकित थी, जबकि पनीर 14 नवंबर को ही रायपुर पहुंच चुका था। यानी निर्माण की तारीख खेप पहुंचने की तारीख से 11 दिन आगे की थी।
बिना लेबल वाले पनीर के निर्माता और उसके स्रोत की पहचान करना भी मुश्किल था। इन अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने पूरी खेप को संदिग्ध मानते हुए तत्काल नष्ट करवा दिया।
कारोबारी ने अमूल का पनीर मंगाने की कही बात
इस मामले में पनीर की डिलीवरी लेने पहुंचे कारोबारी दुर्गेश लखोटिया ने बताया कि उनके पास अमूल की एजेंसी है और उन्होंने भोपाल से 150 किलो पनीर मंगाया था। इसे शमशाद आलम ने तीन बक्सों में भेजा था। हालांकि, जांच में खेप में अमूल ब्रांड का पनीर नहीं मिला।
विभागीय जानकारी के मुताबिक, यह खेप रायपुर से जगदलपुर, कांकेर और कोंडागांव भेजी जानी थी। ऐसे में अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो यह संदिग्ध पनीर कई जिलों तक पहुंच सकता था।
रेलवे बुकिंग की भी होगी जांच
खाद्य विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि भोपाल से पनीर की बुकिंग किसने कराई थी, पार्सल में किसका नाम दर्ज था और माल भेजने वाला व प्राप्त करने वाला कौन था। रेलवे बुकिंग से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।
रायपुर के अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के मुताबिक, करीब 300 किलो पनीर पकड़ा गया है। इसमें 150 किलो पनीर की निर्माण तिथि 25 नवंबर अंकित थी। इसी वजह से पूरे पनीर को नष्ट कर दिया गया।
सवाल यह है कि अगर खाद्य विभाग को पहले से सूचना नहीं मिलती, तो क्या यह संदिग्ध पनीर रायपुर समेत बस्तर संभाग के कई जिलों में लोगों की थाली तक पहुंच जाता?