

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

balod bear attacks deputy ranger singhola village viral video
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भालू के हमले से वन विभाग के अधिकारी की जान बाल-बाल बच गई। सिंघोला गांव में एक सूने मकान में घुसे भालू ने डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू पर अचानक हमला कर दिया। भालू को अपनी ओर झपटता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, आसपास मौजूद ग्रामीणों और वनकर्मियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो अब सामने आया है।
सूने मकान में छिपा था भालू
जानकारी के मुताबिक, मामला दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के पटेली सर्किल अंतर्गत सिंघोला गांव का है। यहां धरमुराम कुलदीप के लंबे समय से खाली पड़े मकान में भालू घुस गया था। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे इसकी सूचना मिलने पर पटेली और मंगलतराई सर्किल के वनकर्मी मौके पर पहुंचे।
भालू की मौजूदगी की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ मकान के आसपास जुटने लगी। इस दौरान पटेली सर्किल के डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू लोगों को मकान से दूर रहने की समझाइश दे रहे थे।
अचानक कमरे से निकला और डिप्टी रेंजर पर झपटा
इसी दौरान अचानक भालू कमरे से बाहर निकला और सीधे डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू की ओर झपट पड़ा। अचानक हुए इस हमले से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। हालांकि, ग्रामीणों और वनकर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए डंडे लेकर भालू को खदेड़ना शुरू किया। लोगों के शोर और विरोध के चलते भालू पीछे हट गया। इस तरह डिप्टी रेंजर की जान बच गई और वे बाल-बाल बच गए।
मकान में किया नुकसान, मुआवजे की मांग
ग्रामीण जागेश्वर ठाकुर के मुताबिक, भालू संभवतः दो से तीन दिन पहले ही मकान में घुसा होगा। मकान लंबे समय से खाली होने के कारण किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, भालू ने घर के अंदर जमीन खोद दी और वहां रखा सामान भी तोड़ दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से मकान में हुए नुकसान का आकलन कराने और मकान मालिक को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
फिलहाल इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भालू की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और भीड़ को जंगली जानवरों से सुरक्षित दूरी पर रखने की जरूरत को उजागर किया है।