

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

32 DEOs in Chhattisgarh fail to provide information on dilapidated schools; only Baloda Bazar submitted a report... Warning issued: salaries to be withheld if no response is received within three days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भवनविहीन और जर्जर सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। लोक शिक्षण संचालनालय यानी डीपीआई ने तय समय-सीमा में स्कूलों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर बलौदाबाजार को छोड़कर प्रदेश के सभी 32 जिला शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण के साथ पूरी जानकारी भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
डीपीआई ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि तय समय में जानकारी नहीं भेजने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम-1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसके साथ ही अक्टूबर महीने का वेतन रोकने की चेतावनी भी दी गई है।विभाग ने सभी जिलों से भवनविहीन, मरम्मत योग्य और अत्यधिक जर्जर स्कूल भवनों की विस्तृत जानकारी मांगी थी। इसका उद्देश्य स्कूल भवनों की वास्तविक स्थिति के आधार पर मरम्मत और नए निर्माण की प्राथमिकता तय करना है।
शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में करीब 47 हजार सरकारी स्कूल संचालित हैं। इनमें 8106 स्कूल भवन ऐसे हैं, जिन्हें आंशिक या बड़े स्तर पर मरम्मत की जरूरत है।करीब 3500 स्कूल भवन अत्यधिक जर्जर या असुरक्षित स्थिति में बताए गए हैं। वहीं एक हजार से ज्यादा भवन ऐसे हैं, जिन्हें डिस्मेंटल यानी तोड़कर नए भवन या अतिरिक्त कक्ष बनाने की जरूरत है। इनमें से कई भवनों के लिए नए निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी है।
प्रदेश में करीब 200 से 250 सरकारी स्कूल ऐसे हैं, जिनके पास अपना भवन नहीं है। इनमें से कई स्कूल किराए के कमरों, पंचायत भवनों या अस्थायी शेड में संचालित हो रहे हैं।इन स्कूलों की स्थिति के साथ जर्जर भवनों की जानकारी भी विभाग के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी आधार पर मरम्मत, नए भवन और अतिरिक्त कक्ष निर्माण के कामों को प्राथमिकता दी जानी है।
बिलासपुर के लिंगियाडीह स्थित एक सरकारी स्कूल का भवन जर्जर स्थिति में है। यहां 100 से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं। ऐसे स्कूलों की स्थिति को देखते हुए विभाग ने जिलों से भवनों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी, ताकि असुरक्षित भवनों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की सुरक्षा और जरूरी निर्माण कार्यों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा सके।