

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

600 Kg Ganja Hidden Under Machinery Boxes Seized in Mahasamund
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य का 600 किलोग्राम (6 क्विंटल) गांजा बरामद किया है। गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था, जिसे तस्करों ने मशीनरी के सामानों के बड़े कार्टूनों के नीचे और पीछे प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा था।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि लाल रंग की टाटा माजदा (MH-46 CU-6060) में कंपनी के सामान की आड़ में भारी मात्रा में गांजा भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के मुरमुरी चौक में वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम महबूब बादशाह शेख (65 वर्ष) निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) बताया।
तलाशी के दौरान वाहन में रखे मशीनरी के बड़े कार्टूनों और अन्य सामान के नीचे तथा पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं। प्रत्येक बोरी में 25-25 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। इस तरह कुल 600 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से महाराष्ट्र के ठाणे जिले तक पहुंचाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तस्करों ने वाहन को बाहर से सामान्य मालवाहक वाहन दिखाने के लिए काले रंग के त्रिपाल से ढंक रखा था, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह लगातार नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं। हाल के दिनों में एंबुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स वाहनों, मालवाहक ट्रकों, कपड़ा फेरी वाहनों, ट्रेवल्स बसों और गुप्त चैंबर वाले वाहनों का इस्तेमाल सामने आया है।
महासमुंद पुलिस ने इससे पहले 8 मई को एक एंबुलेंस से 77 किलोग्राम गांजा बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं 7 मई को एक पिकअप वाहन से 1.14 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त कर दो तस्करों को पकड़ा गया था।
लगातार हो रही कार्रवाई के बीच 600 किलो गांजे की यह बरामदगी महासमुंद जिले की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है, जिससे अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है।