

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Portugal me Raipur Businessman Ajay Nihalani Dies of Heart Attack
रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित कारोबारी एवं इंटीरियर डिजाइनर अजय सुंदर निहलानी (49) का पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, मित्रों और व्यावसायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार अजय निहलानी एक प्रोफेशनल टूर के सिलसिले में यूरोप गए हुए थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अजय निहलानी के भाई संजय कुमार निहलानी ने बताया कि परिवार उनके पार्थिव शरीर को रायपुर लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस संबंध में भारतीय दूतावास, स्थानीय प्रशासन और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से सहयोग की मांग की गई है ताकि आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी हो सकें।
बताया जा रहा है कि अजय निहलानी भारत के 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ यूरोप दौरे पर गए थे। इस प्रतिनिधिमंडल में रायपुर के दो सदस्य भी शामिल थे। घटना के बाद उनके साथ मौजूद नीरज बाजपेयी अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में रहकर दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे हुए हैं।
इस बीच सिंधी समाज ने भी इस मामले में केंद्र सरकार से मदद की अपील की है। सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पीएमओ इंडिया और संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि अजय निहलानी के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
परिवार को उम्मीद है कि सरकारी सहयोग से जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर अजय निहलानी के पार्थिव शरीर को रायपुर लाया जा सकेगा। उनके निधन से शहर के व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।