

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ramkumar toppo arrest offer naib tehsildar assault case
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक से कथित मारपीट मामले में आरोपी बनाए गए विधायक रामकुमार टोप्पो ने अधिकारी-कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कानून पर उनका पूरा भरोसा है और मामले की निष्पक्ष जांच में वे पूरा सहयोग करेंगे।
विधायक टोप्पो ने कहा कि वे शुक्रवार को गिरफ्तारी देने अंबिकापुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और ग्रामीणों के मिलने पर उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए वापस लौटना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून अपना काम करेगा और अधिकारी-कर्मचारियों की मांगों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर अपने दायित्वों पर लौटने का आग्रह करते हुए कहा कि यह मुद्दा अनावश्यक रूप से लंबा नहीं खिंचना चाहिए। टोप्पो ने कहा कि यदि दबाव की राजनीति होती तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज ही नहीं होती। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल का विधायक होने के बावजूद केवल आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज हुई है, जिससे निष्पक्ष जांच की उम्मीद और मजबूत होती है।
विधायक ने कहा कि यदि गिरफ्तारी की आवश्यकता हुई तो वे स्वयं कानून के समक्ष उपस्थित होकर गिरफ्तारी देंगे। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने का अनुरोध किया और भरोसा दिलाया कि जांच में उनकी ओर से पूरा सहयोग मिलेगा।
उधर, विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने अपना आंदोलन जारी रखने का संकेत दिया है। संघ का कहना है कि विधायक सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।