

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A car carrying 10 people from Raipur, who were heading out for a visit to a shrine, rammed into a trailer truck; a young woman died, and the vehicle was dragged for half a kilometer.
बिलासपुर। रायपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर और चैतुरगढ़ घूमने निकले 10 युवक-युवतियों की यात्रा रविवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गई। बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर बेलपारा के पास उनकी ईको कार सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर में फंस गई और वह उसे करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता चला गया। हादसे में रायपुर निवासी काजल साहू (23) की मौत हो गई, जबकि कार में सवार कई लोग घायल हो गए। दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिलासपुर के सिम्स रेफर किया गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ। उस समय कार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक को कार फंसने की जानकारी तक नही हुई। पीछे से आ रहे दूसरे वाहन चालकों ने आवाज देकर उसे रुकवाया।
पुलिस के मुताबिक, रायपुर के रामकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार तड़के करीब 3 बजे घूमने के लिए निकले थे। उन्होंने ईको कार क्रमांक CG 04 NQ 9785 बुक की थी। वाहन अर्थ साहू चला रहा था।सभी पहले रतनपुर के महामाया मंदिर पहुंचे और दर्शन के बाद चैतुरगढ़ के लिए रवाना हुए। सुबह करीब 11:30 बजे बगदेवा टोल प्लाजा से पहले बेलपारा के पास यह हादसा हो गया।घायल मानस यादव ने पुलिस को बताया कि चालक पूरी रात सोया नही था। सफर के दौरान उसे बार-बार झपकी आ रही थी। कार में बैठे लोगों ने कई बार उसे गति कम करने और सावधानी से गाड़ी चलाने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात पर ध्यान नही दिया। कुछ ही देर बाद कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा टकराई।
टक्कर के बाद ईको कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में फंस गई थी। इसके बावजूद ट्रेलर आगे बढ़ता रहा और कार सड़क पर घिसटती चली गई। पीछे चल रहे वाहन चालकों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने शोर मचाकर ट्रेलर चालक को रुकने का संकेत दिया।हादसे के बाद कार में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायलों को तत्काल उपचार के लिए रतनपुर पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर भेजा गया।
दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम आसपास के एक ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में ट्रेलर के पीछे कार फंसी हुई दिखाई देती है। हादसे के बाद कार की हालत देखकर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय के अनुसार, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे में काजल साहू की जान चली गई। अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस चालक की लापरवाही और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है।