

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A major gift for farmers from the Sai government those whose procurement tokens were cancelled due to rain will get another chance, allowing them to sell their paddy with ease.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को किसानों के लिए आसान और सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बेमौसम बारिश के कारण निर्धारित तारीख पर धान उपार्जन केंद्र नहीं पहुंचा पाने वाले किसानों को राहत देते हुए दोबारा टोकन जारी करने का अवसर दिया जा रहा है। इसके साथ ही 'टोकन तुंहर हाथ' मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा, खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं और किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता से धान खरीदी की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा रहा है।
बारिश के कारण टोकन निरस्त होने पर किसानों को दोबारा मिलेगा मौका
बेमौसम बारिश के चलते जिन किसानों का धान निर्धारित तारीख पर उपार्जन केंद्र तक नहीं पहुंच पाया और उनकी उपज की खरीदी नहीं हो सकी, उन्हें अब दोबारा टोकन जारी कराने का अवसर दिया जा रहा है। पहली बार जारी टोकन निरस्त होने की स्थिति में किसान नया टोकन प्राप्त कर अपनी उपज बेच सकेंगे। टोकन निरस्त होने, फसल कटाई में देरी या तकनीकी समस्या आने पर किसान संबंधित धान उपार्जन केंद्र, सहकारी समिति अथवा जिला खाद्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 'टोकन तुंहर हाथ' मोबाइल ऐप और सहकारी समिति के माध्यम से भी नया टोकन प्राप्त किया जा सकता है।
धान खरीदी केंद्रों में पेयजल, तिरपाल और बारदाने की व्यवस्था
प्रदेशभर के धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, तिरपाल, पर्याप्त बारदाने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। डिजिटल टोकन सुविधा के कारण किसान घर बैठे ही टोकन प्राप्त कर निर्धारित समय पर अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंच रहे हैं। इससे किसानों को अनावश्यक इंतजार और बार-बार केंद्रों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
किसान दिनेश कौशिक ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर जताया आभार
बिलासपुर जिले के ग्राम छतौना के किसान दिनेश कुमार कौशिक 83 कट्टी धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि केंद्र में धान को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल, पर्याप्त बारदाने और पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। व्यवस्थित खरीदी व्यवस्था के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में आसानी हो रही है। दिनेश कौशिक ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है। उन्होंने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुसार, प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता दी जाएगी। किसानों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे कम उत्पादन वाले और छोटे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। किसानों के अनुसार, खरीदी केंद्रों में सुविधाएं, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था और पूरी आदान सहायता की घोषणा खेती-किसानी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
धान बिक्री से मजबूत हुई आर्थिक स्थिति, किसान ने खरीदी पांच डिसमिल जमीन
धमतरी जिले के ग्राम खरतुली निवासी किसान इलोक राम साहू ने बताया कि लगभग चार एकड़ जमीन पर धान की खेती से होने वाली आमदनी और पिछले तीन वर्षों से मिल रहे अच्छे मूल्य ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। धान बिक्री से हुई बचत के जरिए उन्होंने पिछले वर्ष पांच डिसमिल जमीन खरीदी है। अब वे इस जमीन पर परिवार के लिए पक्का मकान बनाने और बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने का सपना देख रहे हैं।

ऑनलाइन टोकन से बच रहा समय और श्रम, माइक्रो एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध
किसान इलोक राम साहू ने बताया कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। वे अब तक 20 क्विंटल धान बेच चुके हैं और 22 क्विंटल धान बेचने के लिए अगला टोकन भी प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि उपार्जन केंद्र में पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त बारदाने और माइक्रो एटीएम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से धान बिक्री की प्रक्रिया आसान हुई है। किसानों के मुताबिक, समर्थन मूल्य पर खरीदी और बेहतर व्यवस्थाओं से उन्हें आर्थिक मजबूती मिल रही है और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।