

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A massive surge of faith marks the Amarnath Yatra; over one lakh pilgrims have paid obeisance to 'Baba Barfani' in five days.
जम्मू कश्मीर। श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के महज पांच दिनों के भीतर बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में करीब 93 हजार श्रद्धालुओं ने यात्रा पूरी की थी, जबकि इस बार संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।
मंगलवार को यात्रा के छठे दिन 8,815 श्रद्धालुओं का अब तक का सबसे बड़ा जत्था जम्मू से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ। सभी श्रद्धालु दोपहर बाद सुरक्षित अपने-अपने आधार शिविरों में पहुंच गए, जहां से आगे की यात्रा शुरू की जाएगी।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे केवल अपनी निर्धारित पंजीकरण तिथि के अनुसार ही यात्रा पर पहुंचें। इससे यात्रा प्रबंधन सुचारु रहेगा और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सकेगा। तत्काल पंजीकरण कराने के लिए बड़ी संख्या में लोग जम्मू पहुंच रहे हैं, जिसके कारण पंजीकरण केंद्रों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
मंगलवार दोपहर पवित्र गुफा के आसपास रुक-रुककर हल्की बारिश हुई, लेकिन इसका यात्रा पर कोई खास असर नहीं पड़ा। श्रद्धालु निर्धारित मार्गों से लगातार बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे और यात्रा सामान्य रूप से संचालित होती रही।
3 जुलाई से शुरू हुई श्री अमरनाथ यात्रा इस वर्ष 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। प्रशासन, सुरक्षा बल और विभिन्न एजेंसियां श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।