

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: A moving bus caught fire in Balodabazar, 50 passengers were saved due to the driver's presence of mind.
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में आज सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब रायपुर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। ड्राइवर की तत्परता और सूझबूझ से बस में सवार सभी करीब 50 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई। घटना खरोरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
इंजन से धुआं निकलने के बाद भड़की आग
जानकारी के अनुसार, राजधानी ट्रेवल्स की बस सुबह करीब 8 बजे बलौदाबाजार से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। सुबह करीब 9 बजे भैंसा गांव के पास बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया और आग तेजी से बस में फैलने लगी।
ड्राइवर ने समय रहते खाली कराई बस
स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी दरवाजे खोलकर यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। ड्राइवर की इस त्वरित कार्रवाई से सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। यात्रियों के उतरते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई।

यात्रियों ने ड्राइवर की सूझबूझ की सराहना
बस में सवार यात्री पवन ने बताया कि ड्राइवर ने समय रहते बस रोक दी, जिससे बच्चों और महिलाओं समेत सभी यात्रियों की जान बच सकी। उन्होंने कहा कि अगर थोड़ी भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इंजन में खराबी की आशंका, जांच शुरू
स्थानीय लोगों ने यात्रियों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इंजन में तकनीकी खराबी मानी जा रही है। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
