

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A network involved in the buying and selling of newborns, spanning eight states, has been uncovered; two SIT teams have reached Maharashtra.
रायपुर। आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं को मुफ्त इलाज और प्रसव का भरोसा देकर उनके नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का नेटवर्क लगातार सामने आ रहा है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने दूसरे राज्यों में भी कार्रवाई तेज कर दी है। दो टीमें महाराष्ट्र रवाना की गई हैं। इस बीच गिरोह से जुड़े दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।पुलिस की प्रारंभिक जांच में कई राज्यों के ऐसे दंपतियों के दस्तावेज मिले हैं, जिन्होंने कथित तौर पर गिरोह के जरिए नवजात बच्चे खरीदे थे। आईपीएस मानसी सकोरे के अनुसार, SIT की टीमें दस्तावेजों में दर्ज पतों पर जाकर संबंधित दंपतियों से पूछताछ करेंगी। साथ ही बच्चों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। जिन महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया था, उनकी भी तलाश की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि गिरोह ने ग्राहक जुटाने के लिए संगठित नेटवर्क तैयार किया था। इसमें बच्चे खरीदने वाले दंपतियों और बच्चों को जन्म देने वाली महिलाओं, दोनों का इस्तेमाल नए ग्राहक तलाशने के लिए किया जाता था।बताया जा रहा है कि निसंतान दंपती को बच्चा दिलाने के बाद उनसे दूसरे जरूरतमंद परिवारों की जानकारी ली जाती थी। इसी तरह जिन महिलाओं से नवजात लिए जाते थे, उनके संपर्क से दूसरी गर्भवती महिलाओं तक पहुंच बनाई जाती थी। दोनों तरफ से ग्राहक उपलब्ध कराने वालों को कमीशन दिए जाने की बात सामने आई है।पुलिस को तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में एजेंटों की सक्रियता के संकेत मिले हैं। आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क इन आठ राज्यों से भी आगे फैला हो सकता है। मास्टरमाइंड कृतिका साहू से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस को संदेह है कि वर्ष 2024 से सक्रिय यह गिरोह अब तक 100 से अधिक बच्चों का अवैध सौदा कर चुका है। आरोपियों के पास मिले दस्तावेजों और वाट्सएप चैट के आधार पर खरीदारों, एजेंटों और अलग-अलग राज्यों में हुए सौदों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने कुछ निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के कर्मचारियों को अपने प्रभाव में लिया था। ऐसे अस्पतालों को निशाना बनाया जाता था, जहां मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती थी। नर्सिंग स्टाफ को आर्थिक लालच देकर गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराने की व्यवस्था की जाती थी। पुलिस अब अस्पतालों के भर्ती रजिस्टर, प्रसव रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का प्रमुख ठिकाना गोंदवारा स्थित डॉ. खीर सिंधु महानंद का दिवाकर नर्सिंग होम था। आरोप है कि यहां बच्चों को अवैध तरीके से गोद देने के नाम पर दंपतियों और महिलाओं के दस्तावेज तैयार किए जाते थे। इसके बाद गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए गुढ़ियारी स्थित श्री सांई नर्सिंग होम भेजा जाता था। बच्चे के जन्म के बाद उसे संबंधित दंपती को सौंप दिया जाता था।प्रारंभिक जांच में तीन अस्पतालों की भूमिका सामने आई है। दिवाकर नर्सिंग होम से फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मिलने के बाद पुलिस ने उसका पंजीयन रद करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा है। विभाग सोमवार या मंगलवार को इस संबंध में फैसला ले सकता है। इसके बाद श्री सांई नर्सिंग होम और अन्य संबंधित अस्पतालों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है।शिकायत करने वाली ओडिशा के सुंदरगढ़ की महिला का प्रसव श्री सांई नर्सिंग होम में हुआ था। इसलिए पुलिस इस अस्पताल से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाकर उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
इस मामले में पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण खुलासा किया है। जांच के अनुसार, ओडिशा के सुंदरगढ़ की जिस महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी, उसके नवजात बच्चे को रायपुर के कबीर नगर निवासी एक दंपती को बेचने का सौदा किया गया था।महिला को मुफ्त इलाज और प्रसव की सुविधा देने का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया था। 4 नवंबर को प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात को अहिल्या नामदेव के घर पर कथित तौर पर बंधक बना लिया गया। आरोप है कि महिला की सहमति के बिना बच्चे को बेचने की कोशिश की गई। रकम के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान पूरा मामला उजागर हो गया।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि कुछ महिलाओं ने आर्थिक तंगी और बच्चों का पालन-पोषण करने में असमर्थता के कारण खुद ही अपने नवजात गिरोह के हवाले किए थे। आरोप है कि इन महिलाओं को पैसे देने के साथ बच्चों की बेहतर परवरिश का भरोसा भी दिलाया गया था।अब SIT ऐसी महिलाओं और बच्चों को खरीदने वाले दंपतियों की पहचान कर रही है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों, मोबाइल चैट और पूछताछ से कई अन्य नाम सामने आ सकते हैं। आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई गई है।
अधिवक्ता विपिन अग्रवाल के अनुसार, कानूनी रूप से बच्चे को गोद लेने और उसकी खरीद-फरोख्त में स्पष्ट अंतर है। गोद लेने के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है। किशोर न्याय अधिनियम की धारा 81 के तहत बच्चे को खरीदने और बेचने, दोनों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है।इस अपराध में पांच साल तक कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। यदि बच्चे की वास्तविक अभिरक्षा रखने वाला अस्पताल या नर्सिंग होम का कर्मचारी भी इस अवैध गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो सजा तीन से सात साल तक हो सकती है। आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर नवजात का सौदा करना गंभीर अपराध है। कानून के तहत बच्चा खरीदने वाला भी दोषी माना जाता है।
इस मामले में पुलिस अब तक डॉ. खीर सिंधु महानंद, कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव, गीतिका नाग, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार कर चुकी है। अब दो अन्य लोगों की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस की प्राथमिकता बच्चों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बरामद करना और इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान करना है।