

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A new school building will be constructed in Rambhatha, Raigarh, at a cost of Rs 75 lakh; Finance Minister O.P. Choudhary performed the groundbreaking ceremony
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ के रामभांठा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन स्कूल भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उन्होंने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है। नया स्कूल भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उनके सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने नवीन स्कूल भवन का भूमिपूजन विद्यालय के शाला नायक सुमन के हाथों कराया। उन्होंने सुमन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में इतनी ऊंचाई हासिल करें कि भविष्य में वे उनसे भी बड़े विकास कार्यों का भूमिपूजन करें। वित्त मंत्री के इस आत्मीय व्यवहार से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री चौधरी ने अपने जीवन के संघर्षों और शिक्षा की भूमिका को साझा किया। उन्होंने बताया कि उनका जन्म रायगढ़ से लगभग 17 किलोमीटर दूर बायंग गांव में हुआ था। जब वे आठ वर्ष के थे, तब उनके पिता का निधन हो गया। उनकी माता केवल चौथी कक्षा तक पढ़ी थीं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा ने उनके जीवन को नई दिशा दी और वे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) तक पहुंचे। आज उन्हें रायगढ़ विधायक और छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, मेहनत, लगन और शिक्षा के बल पर बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। शिक्षा किसी व्यक्ति के साथ-साथ समाज, प्रदेश और राष्ट्र की प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है।
वित्त मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 में रामभांठा विद्यालय को हाई स्कूल से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के रूप में उन्नत किया गया। पहले यहां केवल दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की सुविधा थी, लेकिन अब बारहवीं तक शिक्षा की व्यवस्था होने से रामभांठा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाला नया भवन विद्यालय की अधोसंरचना को मजबूत करेगा और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शैक्षणिक अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वित्त मंत्री ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। समाज और राष्ट्र की प्रगति में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़े सपने देखने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
इस अवसर पर रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य नरेंद्र पटेल, शिक्षकगण, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।