

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A teenager who climbed on the roof of a goods train in Bhilai got burnt after coming in contact with OHE wire.
भिलाई। भिलाई-3 रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जामुल सीमेंट फैक्ट्री की ओर जाने वाली साइडिंग लाइन पर खड़ी मालगाड़ी की छत पर चढ़े एक किशोर को रेलवे के ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। 17 वर्षीय जी श्याम, पिता तुलसैया, निवासी खुर्सीपार को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे सेक्टर-9 अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती किया गया है। उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, अपराह्न करीब 3 बजे जी श्याम अपने दोस्त शिवम के साथ भिलाई-3 से जामुल जाने वाली साइडिंग लाइन के पास खेल रहा था। दोनों आपस में चप्पल उछालकर खेल रहे थे। इसी दौरान साइडिंग लाइन पर खड़ी कवर्ड मालगाड़ी (BCN रैक) के ऊपर श्याम की चप्पल जा गिरी। चप्पल उठाने के लिए वह वैगन की छत पर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन OHE लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली का तेज झटका लगते ही वह छत पर ही झुलसकर गिर पड़ा।
साथी शिवम ने तत्काल घटना की सूचना ट्रेन मैनेजर (गार्ड) प्रवीण कुमार को दी। इसके बाद आरपीएफ और एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर कॉलेज नहीं गए थे और रेल लाइन के आसपास घूम रहे थे।
हादसे में श्याम के कपड़े जल गए और उसका करीब 80 प्रतिशत शरीर गंभीर रूप से झुलस गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उसे सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।