

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A year-old double murder has also been solved, three accused who killed a couple for loot have been arrested
जांजगीर। सक्ती पुलिस ने सेंदुरस गांव में हुए सनसनीखेज दंपती हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों सहित एक सराफा कारोबारी को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि यही आरोपी पिछले वर्ष मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में भी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से दो बड़े ब्लाइंड मर्डर मामलों की गुत्थी सुलझ गई है।
पुलिस के अनुसार मालखरौदा थाना क्षेत्र के सेंदुरस गांव में 2 और 3 जून की दरम्यानी रात पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे घर की परछी में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी घर में घुसे और लोहे की रॉड से दोनों के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीईआईआर पोर्टल की मदद ली। जांच के दौरान मृतक का मोबाइल फोन आरोपी देवकुमार यादव के कब्जे से बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया।पुलिस ने ग्राम पंडरीपानी निवासी देवकुमार यादव (33) और रूपचरण यादव (40) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या और लूट की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े, 77 हजार रुपये नकद, मोटरसाइकिल और लूटे गए सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने लूटे गए सोने के जेवर जैजैपुर स्थित खिलेश्वर ज्वेलर्स के संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपये में बेचे थे। पुलिस ने बाबूलाल साहू को भी गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने जून 2024 में मुक्ता गांव में मगनलाल गबेल और उनकी पत्नी बुधवारा बाई गबेल की हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है।इस खुलासे के साथ सक्ती पुलिस ने दो अलग-अलग डबल मर्डर मामलों की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों वारदातों के पीछे मुख्य मकसद लूटपाट था। आरोपी पहले ऐसे घरों की रेकी करते थे जहां नकदी और आभूषण मिलने की संभावना हो, फिर रात के समय वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।