

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ndps accused escaped from police custody in dhamtari four policemen suspended
धमतरी। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार थाना सिहावा में दर्ज अपराध क्रमांक 45/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया जा रहा था। आरोपियों की सुरक्षा अभिरक्षा में सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम और महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू तैनात थे।
चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पलाश गजभिए (32 वर्ष), निवासी कचूरवाही, थाना आरोली, तहसील रामटेक, जिला नागपुर (महाराष्ट्र), पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 262 बीएनएस के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही एसपी सूरज सिंह परिहार ने प्रारंभिक जांच में पाया कि संबंधित पुलिसकर्मियों ने आरोपी की सुरक्षा और निगरानी में गंभीर लापरवाही बरती तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया।
इसके बाद सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम और महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में सभी का मुख्यालय रक्षित आरक्षक केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है।
इधर फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।