

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

epfo chhattisgarh regional board meeting pf claims inactive accounts raipur
रायपुर। केंद्रीय न्यासी बोर्ड, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय 27वीं बैठक गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता ने की। इस दौरान उन्होंने मृत्यु प्रकरणों और निष्क्रिय भविष्य निधि खातों के मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए।
सचिव हिमशिखर गुप्ता ने कहा कि उद्योगों में होने वाली आकस्मिक मृत्यु के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निष्क्रिय भविष्य निधि (पीएफ) खातों के लाभार्थियों की पहचान कर भुगतान की प्रक्रिया तेज करने पर भी जोर दिया।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि राज्य के सभी 33 जिलों में प्रत्येक माह की 27 तारीख को आयोजित होने वाले "निधि आपके निकट" कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, ईएसआईसी, सहायक श्रम आयुक्त, उप श्रम आयुक्त और संबंधित विभागों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक का संचालन सदस्य सचिव एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जयवदन इंगले ने किया। उन्होंने संगठन की व्याप्ति, न्यायालयीन प्रकरणों, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, कर्मचारी पंजीकरण योजना-2025, प्रयास, तत्पर, कन्वर्जेंस बैठक तथा नवीन साइट्स परियोजना की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही नियोक्ताओं और पीएफ सदस्यों से "निधि आपके निकट" कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की।
बैठक में छत्तीसगढ़ में ईपीएफ अधिनियम के अनुपालन, सामाजिक सुरक्षा लाभों के विस्तार, कार्यालय की उपलब्धियों तथा चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर उप केंद्रीय श्रमायुक्त बिधान चंद्र नायक, ईपीएफओ के उप निदेशक एन.के. पटनायक एवं रत्नेश राजन्या उपस्थित रहे। नियोक्ता पक्ष से छत्तीसगढ़ उद्योग महासंघ के अध्यक्ष महेश कक्कड़ और उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विन गर्ग शामिल हुए। कर्मचारी प्रतिनिधियों में राधेश्याम जायसवाल, ईश्वर चंदेल, शंख ध्वनि सिंह एवं एच.एस. मिश्रा ने भाग लिया।
ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर की ओर से क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जयवदन इंगले, गौरव डोगरा, देबाशीष चांद तथा सहायक भविष्य निधि आयुक्त आकाश अग्रवाल उपस्थित रहे। बैठक में पॉवर प्वाइंट प्रस्तुति गौरव डोगरा द्वारा दी गई।