

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Political war in Chhattisgarh on 12 years of Modi government, CM Sai said that the golden age was targeted by Congress
रायपुर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवधि को जनजातीय समाज के सम्मान, विकास और माओवादी हिंसा से मुक्ति का स्वर्णकाल बताया, वहीं कांग्रेस ने इसे वादाखिलाफी और जनअपेक्षाओं पर खरा न उतरने वाला कार्यकाल करार दिया।
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक माओवादी हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर और अन्य आदिवासी क्षेत्रों में अब शांति, सुरक्षा और विकास का नया दौर शुरू हुआ है।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल से बस्तर में विकास योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन हो रहा है। 'नियट नेल्ला नार' और 'बस्तर मुन्ने' जैसे अभियानों के माध्यम से दूरस्थ इलाकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। सुरक्षा शिविरों को भी सेवा केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का भागीदार बनाया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस घोषित करना इसी सोच का उदाहरण है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ आदिवासी समाज को मिला है। वहीं एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विस्तार से जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर मिले हैं।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र सरकार द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार भी जताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने में भविष्य में भी केंद्र का मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहेगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मोदी सरकार के 12 वर्षों को राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में भारत ने आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस अवसर पर उन्होंने रायपुर स्थित खाटू श्याम मंदिर में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्रहित में उनके संकल्पों की सफलता के लिए पूजा-अर्चना भी की।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए इसे वादाखिलाफी से भरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई पर नियंत्रण, हर साल दो करोड़ रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने और काला धन वापस लाने जैसे प्रमुख वादे पूरे नहीं किए गए।बैज ने नोटबंदी, जीएसटी और कोविड काल के लॉकडाउन जैसे फैसलों को भी अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं और वादों के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है।
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर जहां भाजपा इसे विकास, सुशासन और जनकल्याण का दौर बता रही है, वहीं कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों और वादों को लेकर सवाल खड़े कर रही है। ऐसे में यह मुद्दा आने वाले दिनों में राजनीतिक बहस का प्रमुख केंद्र बना रह सकता है।