

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

indigo flight diverted to nagpur after failed landing at raipur airport
रायपुर। नई दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E5138 गुरुवार रात रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी। इसके बाद विमान को नागपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर सुरक्षित उतारा गया। फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के कई प्रमुख राजनीतिक नेता भी सवार थे।
जानकारी के अनुसार विमान में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह तथा भाजपा प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास समेत अन्य यात्री मौजूद थे।
हालांकि फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो पाने के संबंध में अभी तक इंडिगो एयरलाइंस या एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रायपुर में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमान को उतरने में कठिनाई हुई।
सूत्रों के मुताबिक फ्लाइट करीब 40 मिनट तक रायपुर के आसपास आसमान में चक्कर लगाती रही। इस दौरान पायलट मौसम में सुधार होने का इंतजार करते रहे, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने और ईंधन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को नागपुर डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया।
बाद में विमान की नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। फिलहाल यात्रियों को रायपुर पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि एयरलाइन की ओर से अभी तक आगे की यात्रा को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट जारी नहीं किया गया है।
मौसम संबंधी कारणों से विमान के डायवर्ट होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि एयरलाइन या विमानन अधिकारियों के आधिकारिक बयान के बाद ही हो सकेगी। यात्रियों और उनके परिजनों की नजर अब इंडिगो की अगली सूचना पर टिकी हुई है।