

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bihar News: A young woman climbed an 80-foot-high mobile tower to rescue her lover, leading to hours of high-voltage drama.
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में बीते शुक्रवार सुबह उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब एक युवती अपने प्रेमी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के लिए करीब 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती टावर के ऊपर बैठकर प्रेमी को छोड़ने और दोनों की शादी कराने की मांग करने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही भोरे थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की। करीब तीन घंटे तक पुलिस और ग्रामीण उसे मनाने में लगे रहे, लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही।
प्रेमी को टावर के पास लाकर कराया संवाद
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक को हथकड़ी लगे हालत में टावर के पास लाकर युवती से बातचीत कराई। युवक के समझाने और लिखित आश्वासन देने के बाद युवती करीब साढ़े नौ बजे टावर से नीचे उतरने को तैयार हुई। जैसे ही युवती नीचे उतरी, पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग
बताया जा रहा है कि युवती और गांव के ही एक युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। गुरुवार रात युवती अचानक घर से लापता हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने युवक पर अपहरण का शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक को हिरासत में ले लिया था। इसी के विरोध में युवती शुक्रवार सुबह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई और प्रेमी की रिहाई की मांग करने लगी। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।