

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A young woman returning home on a scooter was abducted by men on a motorcycle; when she resisted, they bit her on the cheek.
धमतरी। धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में स्कूटी से घर लौट रही युवती को दो बाइक सवार युवकों ने रास्ते में रोक लिया और कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया। युवती ने विरोध किया तो आरोपियों में से एक ने उसका मुंह दबाया और दांत से गाल काटकर घायल कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसे बाइक पर बैठाकर राजिम की ओर ले जाने लगे। बोरसी पुरैना मोड़ के पास परिजनों और ग्रामीणों ने घेराबंदी कर युवती को आरोपियों के चंगुल से छुड़ा लिया।घटना 23 नवंबर की सुबह की बताई गई है। युवती होटल का सामान पहुंचाकर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार मनमोहन साहू और पुष्पेंद्र यादव ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास दोनों युवकों ने अपनी बाइक स्कूटी के सामने अड़ा दी और युवती का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि मनमोहन ने उसके साथ बदसलूकी की और जबरन बाइक पर बैठा लिया। युवती ने शोर मचाकर विरोध किया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। खुद को छुड़ाने की कोशिश के दौरान उसने युवती का गाल दांत से काट लिया।इसके बाद आरोपी उसे परसवानी और भोथीडीह होते हुए राजिम की दिशा में ले जाने लगे। रास्ते में बोरसी पुरैना मोड़ के पास परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया।
ग्रामीणों और परिजनों की घेराबंदी के बाद मुख्य आरोपी मनमोहन बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। युवती किसी तरह उसके चंगुल से छूटी और मगरलोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।थाना प्रभारी प्रमोद अमलताश की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरौद निवासी पुष्पेंद्र यादव (20) को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली गई।पुलिस ने पुष्पेंद्र को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 7 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की तलाश जारी है।