

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: ACB takes major action; SI and ASI arrested for accepting bribe of 25,000
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बचरापोड़ी पुलिस चौकी में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ (सब-इंस्पेक्टर) और उनके सहयोगी ध्रुव प्रसाद यादव (एएसआई) शामिल हैं।
मर्ग जांच में फंसाने की धमकी का आरोप
जानकारी के अनुसार, मामला एक मर्ग जांच से जुड़ा है। बचरापोड़ी चौकी क्षेत्र में रहने वाले सतेंद्र प्रजापति के घर के सामने कुछ समय पहले एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
आरोप है कि जांच के दौरान चौकी प्रभारी ने शिकायतकर्ता को इस मामले में फर्जी तरीके से फंसाने की धमकी दी और बचाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। बाद में सौदेबाजी के बाद 25 हजार रुपये में मामला तय हुआ।
एसीबी ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने पर एसीबी ने प्राथमिक सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम के साथ भेजा गया। जैसे ही दोनों पुलिसकर्मियों ने रकम स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।