

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Aarogya Setu 2.0 launched; facilities for medical treatment, the Ayushman scheme, and health records will now be available on a single app.
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कोरोना महामारी के दौरान कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए चर्चित रहा आरोग्य सेतु ऐप अब नए स्वरूप में सामने आया है। 'आरोग्य सेतु 2.0' के जरिए नागरिकों को इलाज, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, आयुष्मान भारत योजना, स्वास्थ्य बीमा क्लेम और डॉक्टरों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी।सरकार का कहना है कि इस नई व्यवस्था से लोगों को अलग-अलग ऐप या पोर्टल का उपयोग करने की आवश्यकता नहीं होगी और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच पहले से कहीं अधिक सरल और तेज बनेगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी 10 नई डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आम नागरिकों के लिए सहज बनाना है।नड्डा ने बताया कि देश में अब तक 90 करोड़ से अधिक आभा (ABHA) खाते बनाए जा चुके हैं, जबकि 100 करोड़ से ज्यादा डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड इन खातों से जोड़े जा चुके हैं। इससे भारत दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम में शामिल हो गया है।
सरकार ने आरोग्य सेतु 2.0 के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म भी शुरू किए हैं। इनमें आयुष्मान ऐप, आयुष्मान सारथी व्हाट्सएप चैटबॉट, नेशनल हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज (NHCX), ई-सुश्रुत क्लिनिक, ड्रग रजिस्ट्री, कॉमन एलओआईएनसी कोड्स फॉर इंडिया (CLCI) और भारत हेल्थ टर्मिनोलॉजी सर्विस (BHTS) शामिल हैं।नेशनल हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा क्लेम की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाया जाएगा, जबकि ई-सुश्रुत क्लिनिक छोटे क्लिनिकों के लिए डिजिटल अस्पताल प्रबंधन प्रणाली के रूप में काम करेगा।
सरकार ने यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस (UHI) भी लॉन्च किया है, जिसे स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक साझा डिजिटल नेटवर्क माना जा रहा है। इसकी कार्यप्रणाली उसी तरह होगी जैसे यूपीआई ने डिजिटल भुगतान प्रणाली को एक मंच पर जोड़ा है।यूएचआई के जरिए लोग देशभर में उपलब्ध डॉक्टरों, अस्पतालों, ब्लड बैंकों, पीएम जन औषधि केंद्रों और एंबुलेंस सेवाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा सत्यापित डॉक्टरों से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इस प्लेटफॉर्म पर विभिन्न ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त समूहों की रियल टाइम जानकारी मिलेगी। साथ ही आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पतालों की सूची, जन औषधि केंद्रों का पता और जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन एंबुलेंस बुक करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
सरकार का मानना है कि आरोग्य सेतु 2.0 और नई डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए नागरिकों को इलाज से जुड़ी अधिकांश सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, समय की बचत होगी और मरीजों को बेहतर तथा पारदर्शी चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।