

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP ramps up digital preparations ahead of 2027 assembly elections; focus on social media and AI.
नई दिल्ली। वर्ष 2027 में होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी डिजिटल रणनीति को और मजबूत करना शुरू कर दिया है। पार्टी गोवा, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में सोशल मीडिया नेटवर्क को सशक्त बनाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल संचार का प्रशिक्षण दे रही है।
पार्टी का मानना है कि चुनावी मुकाबला अब केवल जमीनी स्तर तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रभावी मौजूदगी भी जीत-हार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसी उद्देश्य से संगठन स्तर पर व्यापक प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश संगठन को डिजिटल रूप से अधिक सक्रिय और संगठित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पार्टी प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा मंडल, बूथ और पन्ना प्रमुखों तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कंटेंट तैयार करने और एआई आधारित तकनीकों की जानकारी पहुंचा रही है। उद्देश्य ऐसा प्रशिक्षित डिजिटल नेटवर्क तैयार करना है, जो चुनावी अभियान के दौरान तेजी से संवाद स्थापित कर सके और पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाए।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा इस अभियान के जरिए देशभर में अपने "डिजिटल योद्धा" तैयार कर रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सोशल मीडिया प्रबंधन, तथ्य आधारित प्रचार, कंटेंट रणनीति और डिजिटल संवाद पर विशेष फोकस रखा गया है। पार्टी का मानना है कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में तकनीक और डिजिटल संचार की भूमिका लगातार बढ़ रही है, इसलिए संगठन को भी उसी अनुरूप सक्षम बनाना जरूरी है।
भाजपा के एक पदाधिकारी का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन समय-समय पर आयोजित करता रहा है। उनके अनुसार, डिजिटल और तकनीकी प्रशिक्षण पार्टी की नियमित संगठनात्मक गतिविधियों का हिस्सा है, जिसे चुनावी जरूरतों के अनुसार और अधिक व्यापक बनाया जा रहा है।