

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Adani Group breaks record: EBITDA reaches all-time high of Rs 89,806 crore in FY25
नई दिल्ली। अदाणी समूह ने वित्त वर्ष 2025 में अपने शानदार प्रदर्शन से निवेशकों और बाजार दोनों को चौंका दिया है। गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, समूह का EBITDA 8.2% की सालाना बढ़त के साथ ऐतिहासिक स्तर 89,806 करोड़ रुपये (करीब 10.5 अरब डॉलर) तक पहुंच गया। यदि पिछले वर्ष की अस्थायी आय को अलग कर दें, तो यह वृद्धि दर 18% तक जा पहुंचती है, जो किसी भी बड़े समूह के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है।
कर के बाद शुद्ध मुनाफा भी रिकॉर्ड बनाते हुए 40,565 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो समूह के इतिहास में सबसे ऊंचा स्तर है। अदाणी समूह की कुल परिसंपत्तियां अब 6,09,133 करोड़ रुपये तक जा चुकी हैं, जिसमें FY19 से FY25 के बीच 25% से अधिक की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है।
इतना ही नहीं, समूह ने FY25 में 1,26,000 करोड़ रुपये (करीब 14.7 अरब डॉलर) का पूंजीगत व्यय कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया। समूह के CFO, जुगेशिंदर 'रॉबी' सिंह ने इसे एक “उद्योग-अग्रणी प्रदर्शन” बताते हुए कहा कि 16.5% का Return on Assets (ROA) वैश्विक स्तर पर किसी भी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के लिए सर्वश्रेष्ठ है। यह न सिर्फ समूह की प्रभावी रणनीति और निष्पादन क्षमता को दर्शाता है, बल्कि इसके मजबूत एसेट बेस की भी पुष्टि करता है।
बता दें कि, वित्त वर्ष 2025 अदाणी समूह के लिए जबरदस्त वित्तीय प्रगति का साल साबित हुआ है। कर भुगतान के बाद नकद और परिचालन से फंड फ्लो में 13.6% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो अब 66,527 करोड़ रुपये (करीब 7.8 अरब डॉलर) तक पहुंच चुका है। इस मजबूत कैश फ्लो ने समूह को 1.26 लाख करोड़ रुपये की नई एसेट्स जोड़ने में मदद की, जिससे पोर्टफोलियो का कुल सकल एसेट्स बेस अब 6.1 लाख करोड़ रुपये (71 अरब डॉलर) हो गया है। हैरत की बात यह है कि इस पूंजी का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा पिछले छह वर्षों में ही जोड़ा गया है।
तेजी से बढ़ते मुनाफे ने समूह को कर्ज बोझ घटाने में भी सहयोग दिया है। नेट डेट टू ईबीआईटीडीए अनुपात 2019 के 3.8 से गिरकर अब 2.6 पर आ गया है, जो वित्तीय अनुशासन का संकेत है। इतना ही नहीं, कंपनियों की रेटिंग में भी लगातार सुधार हो रहा है। अब लगभग 90% ईबीआईटीडीए ‘AA’ या इससे ऊपर रेटेड एसेट्स से आता है, जो दो साल पहले 63% और छह साल पहले महज 48% था। इस वित्तीय मजबूती का एक और असर दिखा कर्ज की लागत पर, जो 2025 में घटकर 7.9% रह गई। जबकि 2024 में यह 9% और 2019 में 10.3% थी। कंपनी ने बताया कि मार्च 2025 तक समूह के पास 53,843 करोड़ रुपये का नकद भंडार मौजूद था, जो कुल कर्ज का 18.5% है। यह रकम समूह की घोषित 12 महीने +1 दिन की डेट सर्विस नीति से भी आगे जाकर 21 महीने तक की डेट सर्विसिंग जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है।