

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Air India Express flight returns to Kochi after engine failure mid-air.
कोच्चि। कोच्चि से अबू धाबी जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के बोइंग 737 विमान की उड़ान के दौरान एक इंजन बंद करना पड़ा। फ्लाइट IX-415 ने उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद जब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर थी, तब पायलटों ने इंजन-1 में ऑयल की मात्रा तेजी से घटती देखी।
स्थिति का आकलन करने के बाद क्रू ने अबू धाबी जाने के बजाय विमान को वापस कोच्चि ले जाने का फैसला किया।
विमान को वापस मोड़ने के बाद दोनों पायलट इंजन के मापदंडों पर लगातार नजर रखते रहे। करीब 45 मिनट बाद इंजन-1 के ऑयल प्रेशर में उतार-चढ़ाव शुरू हुआ। इसके बाद ऑयल प्रेशर कॉकपिट गेज के रेड जोन यानी खतरे के स्तर में पहुंच गया।
स्थिति को देखते हुए क्रू ने तय प्रक्रिया के तहत इंजन-1 बंद कर दिया। विमान ने एक इंजन के सहारे कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
लैंडिंग के समय विमान सामान्य लैंडिंग वजन से भारी था। इसके बावजूद विमान को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। घटना के बाद इंजन में ऑयल लेवल और प्रेशर में आई समस्या के कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना में क्रू ने तकनीकी समस्या का आकलन करने के बाद गंतव्य के बजाय वापस कोच्चि लौटने का निर्णय लिया। एक इंजन बंद होने के बाद भी विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।