

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

‘All India Steering Chhodo Andolan’intensifies in Dantewada; drivers’ strike brings vehicles to a standstill, posing a risk of multi-crore losses for NMDC.
दंतेवाड़ा। ‘ऑल इंडिया स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन’ की गूंज अब छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में भी तेज हो गई है। बैलाडीला ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर जिलेभर के ड्राइवरों ने अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आंदोलन के दूसरे दिन भी वाहनों के पहिए थमे रहे, जिससे सार्वजनिक परिवहन से लेकर मालवाहक गतिविधियों तक पर असर देखने को मिला। ड्राइवरों ने फिलहाल तीन दिनों तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
ड्राइवरों की हड़ताल लंबी चलती है तो इसका सीधा असर राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) के बैलाडीला परियोजना के परिवहन कार्यों पर पड़ सकता है। बैलाडीला से निकलने वाले लौह अयस्क का परिवहन प्रतिदिन 2,000 से अधिक ट्रकों के माध्यम से किया जाता है। शुक्रवार से बैलाडीला ट्रक एसोसिएशन ने भी हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया है। इसके बाद ट्रकों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। यदि परिवहन व्यवस्था लंबे समय तक बाधित रहती है तो लौह अयस्क की ढुलाई और प्लांट से जुड़ी गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। इससे कंपनी को करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दंतेवाड़ा में आंदोलन के दूसरे दिन भी परिवहन व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी। हड़ताल के पहले दिन से ही फोर व्हीलर, यात्री बसों और मालवाहक ट्रकों का संचालन प्रभावित रहा। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम होने से कई इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा। इसका असर आम जनजीवन के साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी दिखाई दिया।
सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले काफी कम रही। यात्री बसों का संचालन बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और जरूरी काम से यात्रा करने वाले यात्रियों को उठानी पड़ी। कई लोग बस स्टैंडों पर घंटों इंतजार करते नजर आए। वहीं, परिवहन के साधन नहीं मिलने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से सामान की लोडिंग और परिवहन संबंधी कामकाज भी प्रभावित हुए।
आंदोलन कर रहे ड्राइवरों का कहना है कि देश की परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद उनके अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सड़क पर दिन-रात काम करने वाले चालक आर्थिक असुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं, मारपीट, कानूनी कार्रवाई और भविष्य की सुरक्षा जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। ड्राइवर संघ के अध्यक्ष ने कहा कि चालकों के लिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे उन्हें सम्मानजनक जीवन और सुरक्षित कार्य परिस्थितियां मिल सकें।
ड्राइवर संगठनों ने फिलहाल तीन दिनों तक हड़ताल और धरना-प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया है। उनका कहना है कि यदि इस अवधि में सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा। ऐसे में हड़ताल लंबी चलने पर आम जनता, व्यापार, परिवहन और जरूरी सेवाओं से जुड़े कार्यों पर व्यापक असर पड़ सकता है।
आंदोलनकारियों ने सरकार के सामने सात प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें ड्राइवरों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटनाओं की स्थिति में सहायता, सुरक्षित कार्य परिस्थितियां और भविष्य के लिए पेंशन जैसी व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। ड्राइवर रामलाल ने कहा कि चालक देश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को गति देते हैं, लेकिन उनके अपने भविष्य और सुरक्षा को लेकर ठोस नीतियों का अभाव है। उन्होंने कहा कि ड्राइवर अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी सात सूत्रीय मांगों पर सरकार से ठोस निर्णय चाहते हैं।