

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Ambikapur-Raipur-Hyderabad air service launched; 19 passengers took the flight on the first day.
अंबिकापुर। सरगुजा के दरिमा एयरपोर्ट से अंबिकापुर-रायपुर-हैदराबाद हवाई सेवा शुरू हो गई है। पहले दिन 19 यात्रियों ने अंबिकापुर से रायपुर के लिए उड़ान भरी। पहली फ्लाइट में प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और सरगुजा के अंतरराष्ट्रीय धावक अनिमेष कुजूर भी शामिल रहे। इस मौके पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज और लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देकर रवाना किया।
नई हवाई सेवा के बावजूद अंबिकापुर से हैदराबाद तक एक ही टिकट पर यात्रा की सुविधा उपलब्ध नही है। यात्रियों को अंबिकापुर से रायपुर और फिर रायपुर से हैदराबाद के लिए अलग-अलग टिकट बुक करने होंगे। दोनों उड़ानों के लिए अलग पीएनआर जारी होगा।
यह सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। निर्धारित समय और किराये का विवरण इस प्रकार है।
दरिमा एयरपोर्ट से विमान दोपहर 2:05 बजे उड़ान भरेगा और दोपहर 3:05 बजे रायपुर पहुंचेगा। इस सफर का शुरुआती किराया 2,124 रुपये रखा गया है।
रायपुर से विमान दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर शाम 6:10 बजे हैदराबाद पहुंचेगा। इस मार्ग पर किराया 7,426 से 8,529 रुपये के बीच है।
वापसी में विमान सुबह 9:35 बजे हैदराबाद से उड़कर दोपहर 12:15 बजे रायपुर पहुंचेगा। इस हिस्से का किराया 7,473 रुपये बताया गया है।
रायपुर से विमान दोपहर 12:40 बजे रवाना होगा और दोपहर 1:40 बजे अंबिकापुर पहुंचेगा। इस यात्रा का किराया 3,291 रुपये निर्धारित किया गया है।
एलायंस एयर ने इसी साल मार्च में अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए हवाई सेवा शुरू की थी। पर्याप्त यात्री नही मिलने के कारण सितंबर में कोलकाता की उड़ान बंद कर दी गई। वहीं, दिल्ली की उड़ान अब नियमित रूप से संचालित हो रही है।अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सोमवार और बुधवार को विमान चल रहा है। यह दोपहर 12:10 बजे रवाना होकर 2:40 बजे दिल्ली पहुंचता है। इस मार्ग का शुरुआती किराया 6,440 रुपये है। इसके अलावा वाराणसी के लिए हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।