

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Amit Shah on Bastar tour today, will attend the closing ceremony of Bastar Olympics
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बस्तर दौरे पर रहेंगे। वे जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करेंगे और बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह शुक्रवार रात रायपुर पहुंचे थे। शनिवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक वे रायपुर में भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:35 बजे उनका जगदलपुर एयरपोर्ट पर आगमन होगा, जहां से वे 2:45 बजे इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम पहुंचेंगे। कार्यक्रम में करीब दो घंटे तक शामिल रहने के बाद शाम 4:55 बजे वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री सरेंडर कर चुके नक्सलियों से भी मुलाकात करेंगे। उल्लेखनीय है कि यह एक महीने के भीतर अमित शाह का तीसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। इससे पहले वे राज्योत्सव और डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल हो चुके हैं। हर दौरे में वे नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा कर अधिकारियों से फीडबैक ले रहे हैं।
बस्तर ओलंपिक के संभाग स्तरीय आयोजन में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में करीब 3500 युवाओं ने भाग लिया। दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और कोंडागांव जिलों से खिलाड़ी शामिल हुए। खास बात यह रही कि 761 सरेंडर किए नक्सली और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सदस्य भी ‘नुआ बाट’ टीम के नाम से खेलों में शामिल हुए, जबकि पिछले साल यह संख्या करीब 300 थी।
अमित शाह के दौरे को देखते हुए जगदलपुर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, डॉग स्क्वायड तैनात है और ड्रोन कैमरों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
इसके साथ ही ट्रैफिक प्लान में भी बदलाव किया गया है। दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक यात्री बसों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। भारी मालवाहक वाहनों की शहर में एंट्री सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है। विमान यात्रियों को बोधघाट मार्ग से एयरपोर्ट आना-जाना होगा। वहीं कुम्हारपारा चौक से शहीद पार्क, चांदनी चौक से कलेक्ट्रेट मार्ग और इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम तक दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक मार्ग प्रतिबंधित रहेंगे।