

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

An operator absconded with more than 30 vehicles worth 6 crore rupees after luring the owners with the promise of deploying them as rental trucks.
बिलासपुर। बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबार के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने ट्रकों को किराए पर चलाने का भरोसा देकर अलग-अलग वाहन मालिकों से 30 से अधिक गाड़ियां ले लीं। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई जा रही है। शुरुआत में कुछ समय तक नियमित किराया देने के बाद आरोपी भुगतान टालने लगा और बाद में सभी ट्रक लेकर गायब हो गया।मंगलवार को पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अपने वाहन वापस दिलाने की मांग की। शिकायतकर्ताओं ने एसएसपी रजनेश सिंह को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने की अपील की है।
शिकायतकर्ता सूर्यदेव पटेल, मोहम्मद अजगर, मोहम्मद आरिफ, दशरथ पुरी गोस्वामी और वैभव देवांगन के मुताबिक, उसलापुर स्टेशन के पास राधिका विहार, अलका एवेन्यू रोड निवासी शिवकुमार देवांगन ने उनसे ट्रक किराए पर चलाने के लिए लिए थे। आरोप है कि शुरुआती दिनों में उसने तय समय पर किराए का भुगतान किया। इससे वाहन मालिकों को उस पर भरोसा हो गया।हालांकि, एक-दो महीने बाद उसने बिल लगाने का हवाला देकर भुगतान टालना शुरू कर दिया। जब मालिकों ने अपने वाहन वापस मांगे तो वह शहर से बाहर होने की बात कहकर उन्हें टालता रहा।
पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने ट्रकों की वापसी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी जीपीएस लोकेशन दिखाकर उन्हें भ्रमित करता रहा। बाद में उसने अपने सभी मोबाइल नंबर बंद कर दिए और संपर्क से बाहर हो गया। इसके बाद वाहन मालिकों को ठगी का संदेह हुआ।
वाहन मालिकों ने बताया कि वे पहले भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से उन्हें निराशा हुई। अब उन्होंने एसएसपी से मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रकों की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। एसएसपी रजनेश सिंह ने शिकायत पर सिविल लाइन थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले में आरोपों और वाहनों की स्थिति की पड़ताल कर रही है।