

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Animesh Kujur, the Asian Games bronze medalist hailing from Kanker—his father's hard work fueled his speed, and he even coached himself during the lockdown.
कांकेर। जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पदक जीतने वाले स्टार स्प्रिंटर अनिमेष कुजूर की सफलता की कहानी कांकेर की लाल मिट्टी से जुड़ी है। मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले में भारतीय टीम ने 41.06 सेकंड का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस उपलब्धि के पीछे अनिमेष की शुरुआती मेहनत और कांकेर में बिताए दिनों की अहम भूमिका रही है।
अनिमेष मूल रूप से जशपुर जिले के रहने वाले हैं, लेकिन उनका बचपन कांकेर में बीता। उनके पिता अमृत कुजूर और मां रीना कुजूर करीब 11 साल तक कांकेर पुलिस में पदस्थ रहे। अनिमेष ने पांचवीं कक्षा तक सेंट माइकल स्कूल, कांकेर में पढ़ाई की। इसके बाद वे सैनिक स्कूल अंबिकापुर चले गए।स्कूल की छुट्टियों में जब भी अनिमेष कांकेर आते, उनका ज्यादातर समय नरहरदेव मैदान में गुजरता था। शुरुआत में वे यहां फुटबॉल खेलते थे। इसी मैदान की लाल मिट्टी पर दौड़ते हुए उनकी खेल प्रतिभा धीरे-धीरे निखरने लगी।
साल 2020 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद देश में कोरोना संक्रमण के कारण लॉकडाउन लग गया। खेल गतिविधियां बंद थीं और कांकेर में अनिमेष के लिए कोई पेशेवर कोच भी उपलब्ध नहीं था।ऐसे समय में उनके पुलिस विभाग में पदस्थ पिता अमृत कुजूर ने ही बेटे की ट्रेनिंग की जिम्मेदारी संभाल ली। उन्होंने खुद अनिमेष को दौड़ की तकनीक और अभ्यास के लिए मार्गदर्शन देना शुरू किया। नरहरदेव मैदान में पिता की निगरानी में अनिमेष घंटों अभ्यास करते और अपनी रफ्तार पर काम करते रहे।
लॉकडाउन के मुश्किल दौर में शुरू हुआ यह अभ्यास जल्द ही परिणाम देने लगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अनिमेष ने पांच अलग-अलग स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए।इसी प्रदर्शन ने उनके एथलेटिक्स करियर को नई दिशा दी। इसके बाद अनिमेष ने पेशेवर स्तर पर अपनी पहचान बनानी शुरू की और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन किया।
नरहरदेव मैदान में अभ्यास करने वाला वही युवा आज एशियन गेम्स के पोडियम तक पहुंच चुका है। आइची-नागोया में मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले में अनिमेष और भारतीय टीम ने 41.06 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और कांस्य पदक अपने नाम किया।अनिमेष की यह उपलब्धि कांकेर के लिए भी खास है। जिस शहर में उनका बचपन बीता और जहां लॉकडाउन के दौरान उनके पिता ने बिना किसी पेशेवर कोच के उनकी ट्रेनिंग कराई, उसी दौर की मेहनत ने उनके एथलेटिक्स सफर की मजबूत नींव तैयार की।