

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Annamalai new movement Idhu Namma Iyakkam 13 lakh registrations
नई दिल्ली : तमिलनाडु की सियासत में इन दिनों भारी उलटफेर देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई के नए राजनीतिक संगठन के प्रति राज्य के लोगों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। राजनीति में अपनी नई पारी की शुरुआत करने वाले अन्नामलाई ने अपने इस नए राजनीतिक संगठन को 'इधु नम्मा इयक्कम' (यह हमारा आंदोलन है) नाम दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि अन्नामलाई के भाजपा छोड़ने के महज 24 घंटे के भीतर ही उनके इस संगठन से 13 लाख से अधिक लोग अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
रिकॉर्ड तोड़ रजिस्ट्रेशन मिलने पर अन्नामलाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए जनता का आभार जताया। उन्होंने लिखा “हमारे राजनीतिक आंदोलन ने एक मील का पत्थर हासिल किया है। यह असाधारण प्रतिक्रिया हमारे साझा दृष्टिकोण और सामूहिक मिशन में बढ़ते विश्वास का सशक्त प्रमाण है। मैं इस आंदोलन पर भरोसा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति दिल से आभार व्यक्त करता हूं।”
जानकारी के अनुसार, इस नए आंदोलन 'इधु नम्मा इयक्कम' की भारी सफलता के लिए भाजपा सदस्यों और स्वयंसेवकों ने कांचीपुरम के प्रसिद्ध कामाक्षी अम्मन मंदिर में विशेष अनुष्ठानों और प्रार्थनाओं में भाग लिया। गौरतलब है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार के बाद से ही अन्नामलाई द्वारा नई राजनीतिक पार्टी या संगठन शुरू करने की अटकलें बेहद तेज हो गई थीं।
इसी बीच, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राज्य कानूनी संयोजक अभिलाष गोपीनाथन ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी है।
तमिलनाडु की राजनीति में शनिवार को एक और बड़ा भूचाल आया जब मुख्य विपक्षी पार्टी अन्नाद्रमुक (AIADMK) को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा। विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार और आंतरिक कलह से जूझ रही अन्नाद्रमुक के चार पूर्व मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं समेत 300 से अधिक कार्यकर्ताओं ने एक साथ पार्टी छोड़ दी।
इन सभी नेताओं ने अभिनेता विजय की सत्तारूढ़ दल 'तमिलगा वेत्री कजगम' (TVK) का दामन थाम लिया है। चेन्नई के पनायुर स्थित टीवीके (TVK) पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान इन सभी दिग्गज नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।