

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Attack in Saudi Arabia: Airport and oil facilities targeted; 3 dead including one Indian and 10 injured.
नई दिल्ली। सऊदी अरब में बीते बुधवार देर रात एयरपोर्ट और तेल ठिकाने को निशाना बनाकर किए गए हमलों में एक भारतीय नागरिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय की जान चली गई, जबकि दो भारतीयों समेत आठ लोग घायल हुए। वहीं, सऊदी अरामको के तेल ठिकाने पर हुए ड्रोन हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की मौत हो गई। इस हमले में एक भारतीय समेत दो लोग घायल हुए हैं।
सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने गुरुवार को दम्माम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले की पुष्टि की। हमले के कारण हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा स्थिति को देखते हुए विमानों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उड़ानों के रास्ते बदले जाने की जानकारी साझा की। एयरपोर्ट पर हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने दावा किया है कि उसने देश के पूर्वी हिस्से में चार ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया। हालांकि, एयरपोर्ट और तेल ठिकाने पर हुए हमलों में जानमाल का नुकसान सामने आया है। महत्वपूर्ण हवाई अड्डे और तेल प्रतिष्ठान को निशाना बनाए जाने से देश के अहम बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर के दौरान सऊदी अरब के एयरपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों पर लगातार हमलों की खबरें सामने आई हैं। 6 अक्टूबर को जजान और नजरान, 7 अक्टूबर को रियाद और अभा तथा 8 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने की खबरें आई थीं। इसके बाद 10 और 11 अक्टूबर को भी रियाद एयरपोर्ट पर हमलों की सूचना मिली। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने सऊदी अरब में सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है।
एयरपोर्ट और तेल ठिकाने पर हुए हमलों में भारतीय नागरिकों के प्रभावित होने से भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है, जबकि तीन भारतीय घायल हुए हैं। फिलहाल, हमलों से जुड़े सभी पहलुओं और नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।