

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP National President Nitin Nabin resigns from the post of MLA, expresses gratitude to the people of Bankipur
पटना। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोमवार (30 मार्च) को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना त्यागपत्र सौंपा। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद संवैधानिक प्रावधानों के तहत यह कदम उठाया गया है।
14 दिन के नियम के तहत दिया इस्तीफा
बिहार विधानसभा के नियमों के अनुसार, यदि कोई विधायक संसद के किसी सदन के लिए चुना जाता है, तो उसे 14 दिनों के भीतर विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देना होता है। 16 मार्च को हुए चुनाव में नीतीश कुमार समेत कई नेताओं के साथ नितिन नबीन भी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। निर्धारित समयसीमा पूरी होने पर उन्होंने औपचारिक रूप से पद छोड़ दिया।
बांकीपुर की जनता को कहा धन्यवाद
इस्तीफे के साथ नितिन नबीन ने बांकीपुर की जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें लगातार पांच बार विधायक चुनकर जो विश्वास और स्नेह दिया, वह उनके लिए अमूल्य है।
उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए बताया कि वर्ष 2006 में अपने पिता और वरिष्ठ नेता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और उपचुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने।
राज्यसभा में नई पारी
अब नितिन नबीन संसद के उच्च सदन में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे। उनके इस्तीफे के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हो गई है, जिस पर आगे उपचुनाव होने की संभावना है।