

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP focuses on the 2028 Assembly elections; deliberates on strategies to strengthen the organization and develop Bastar.
रायपुर। रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की रणनीति, जनसंपर्क अभियान और सरकार-संगठन के बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई। वरिष्ठ नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन करते हुए जिला और मंडल स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान पहले से सौंपे गए दायित्वों और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी अभियानों की कार्ययोजना तैयार की गई। नेताओं ने सरकार और संगठन के बीच समन्वय बढ़ाकर योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर बल दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत 23 जुलाई से कार्यशालाओं और संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ होगी। पार्टी सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को पंचायत स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चलेगी।इसके तहत 27 जुलाई को भाजपा की एक टीम वाराणसी जाकर निर्माणाधीन संत रविदास स्मारक से मिट्टी और जल लेकर आएगी। बाद में प्रदेशभर के मंदिरों और पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित कर संत रविदास के विचारों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
बैठक में अगस्त में प्रस्तावित वंदेमातरम और तिरंगा महाअभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पार्टी इन अभियानों के माध्यम से राष्ट्रवाद आधारित जनसंपर्क कार्यक्रम चलाएगी, ताकि बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
पदाधिकारियों की बैठक के बाद हुई कोर कमेटी की बैठक में बस्तर प्रमुख मुद्दा रहा। नेताओं ने कहा कि सुरक्षा के क्षेत्र में मिली सफलता को अब विकास और जनकल्याण से जोड़ना जरूरी है। अधिकारियों को ऐसी कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए जाने पर जोर दिया गया, जिससे बस्तर के लोगों को सुशासन का प्रत्यक्ष लाभ महसूस हो।
बैठक में इस बात पर भी विशेष चर्चा हुई कि आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे पूर्व नक्सली दोबारा हिंसा की राह पर न लौटें। इसके लिए सरकार की पुनर्वास और कल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय और लता उसेंडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री केदार कश्यप, अमर अग्रवाल, नारायण चंदेल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और संगठन के प्रमुख नेता उपस्थित रहे।