

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP hits back at Baghel’s remarks; Devlal Thakur says—apologize to CM Sai and the public.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की टिप्पणी पर सियासत गरमा गई है। भाजपा ने भूपेश बघेल के बयान को अमर्यादित बताते हुए तीखा पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस की सामंती सोच को दर्शाता है। उन्होंने भूपेश बघेल से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सत्ता से बेदखल होने की छटपटाहट में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की लोकप्रियता से कांग्रेस असहज है और इसी वजह से उनके खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां की जा रही हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कोयला, शराब, महादेव सट्टा ऐप और पीएससी से जुड़े मामलों को लेकर भी भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिनके कार्यकाल में प्रदेश में नशे और सट्टे को लेकर विवाद सामने आए, वही आज मुख्यमंत्री पर नशे को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसानों, युवाओं, महिलाओं और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेताओं की ओर से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इसे जनजातीय समाज का अपमान भी बताया।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर राष्ट्रपति के खिलाफ भी पूर्व में आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी भाषा और राजनीतिक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
अंत में देवलाल ठाकुर ने भूपेश बघेल से अपने बयान के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से जनता का ध्यान मुद्दों से नहीं भटकाया जा सकता।