

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

muktidham se 94 saal ki bujurg mahila ki asthiyan chori
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मुक्तिधाम से 94 साल की बुजुर्ग महिला की अस्थियां गायब हो गईं। परिवार जब अंतिम संस्कार के अगले दिन अस्थियां लेने पहुंचा तो चिता की राख से अस्थियां नदारद थीं। हैरानी की बात यह रही कि जिस जगह बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार किया गया था, वहां नारियल और दिया रखा हुआ मिला। परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पूजा-पाठ करने के बाद अस्थियां उठा ली हैं। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। वहीं, गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पूरा मामला बालोद जिले के गुरुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरवाही का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हो गया था। इसके बाद 13 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे गांव के मुक्तिधाम में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार के बाद परिवार के सदस्य अगले दिन यानी 14 नवंबर को अस्थियां लेने मुक्तिधाम पहुंचे थे। इस दौरान मृतका के बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूजा करने पहुंचे। लेकिन वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। जिस स्थान पर बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार किया गया था, वहां चिता की राख के ऊपर नारियल और दिया रखा हुआ था।
परिजनों ने जब ठंडी हो चुकी राख में अस्थियों की तलाश की तो वे गायब मिलीं। काफी खोजबीन के बाद भी अस्थियों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी और गांव में भी अस्थियों के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पूजा-पाठ के बाद अस्थियां ले जाने की आशंका
परिवार का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मुक्तिधाम में पूजा-पाठ किया और इसके बाद चिता से अस्थियां उठा ले गया। हालांकि, किसने और किस उद्देश्य से अस्थियां लीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों ने मामले की शिकायत गुरुर थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से अस्थियों का पता लगाकर वापस दिलाने की मांग की है।
प्रयागराज में गंगा विसर्जन करना चाहती थीं बुजुर्ग महिला
इस घटना से परिवार को इसलिए भी गहरा दुख पहुंचा है, क्योंकि विद्यावती रुखमणी शर्मा की अंतिम इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियां प्रयागराज ले जाकर मां गंगा में विसर्जित की जाएं। परिवार भी उनकी इसी इच्छा के अनुसार पूरे विधि-विधान से अस्थि विसर्जन की तैयारी कर रहा था।
मृतका के मंझले बेटे रामेश्वर प्रसाद शर्मा, जो सिंचाई विभाग में पूर्व एसडीओ रह चुके हैं, ने बताया कि उनकी मां बेहद धार्मिक स्वभाव की थीं। गांव और परिवार में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में वह बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। उनकी इच्छा के अनुसार परिवार के सदस्य अस्थियों को प्रयागराज ले जाकर गंगा में विसर्जित करना चाहते थे।
उनके बेटे बालमुकुंद शर्मा, गिरेन्द्र कुमार शर्मा, श्याममूर्ति शर्मा और शारदा प्रसाद शर्मा सहित परिवार के सभी सदस्य इस अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को परंपरा के अनुसार पूरा करना चाहते थे, लेकिन अस्थियां गायब होने से उनकी मां की अंतिम इच्छा अधूरी रह गई है।
मुक्तिधाम से अस्थियां गायब होने की तीसरी घटना!
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि खैरवाही गांव के इसी मुक्तिधाम से अस्थियां गायब होने की यह पहली घटना नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक, इससे पहले भी दो बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यानी अब तक यहां से अस्थियां गायब होने की तीन घटनाएं हो चुकी हैं।
ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि साल 2025 में उनके पिता का निधन हुआ था। उनका अंतिम संस्कार भी इसी मुक्तिधाम में किया गया था। लेकिन जब वे अगले दिन अस्थियां लेने पहुंचे तो वहां से अस्थियां गायब थीं। उस समय भी परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी है। लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर मुक्तिधाम में इस तरह की घटनाओं को कौन अंजाम दे रहा है और इसके पीछे क्या वजह है।
पुलिस ने कहा- परिजनों के बयान के बाद होगी जांच
मामले को लेकर गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से शिकायत मिली है। फिलहाल परिवार के सदस्य क्रियाकर्म में व्यस्त हैं। उनके बयान दर्ज किए जाने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में अधिक जानकारी नहीं दी गई है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 94 साल की बुजुर्ग महिला की अस्थियां कौन ले गया? क्या इसके पीछे कोई धार्मिक मान्यता है या फिर कोई दूसरी वजह? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।