

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJYM workers accused of creating a ruckus and vandalism after arriving at the police station to retrieve a seized DJ system... Case registered against 7 named individuals.
रायपुर। गुढ़ियारी थाने में जब्त वाहन और साउंड सिस्टम छुड़ाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पुलिस का आरोप है कि भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी के कक्ष में घुसकर हंगामा किया, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और सरकारी सामान को नुकसान पहुंचाया। मामले में पुलिस ने सात नामजद लोगों समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार आरोपितों में शुभांकर, सत्यम, प्रकाश यादव, मुकुल वर्मा, सोमेश पाल, जितेंद्र चंद्रवंशी और लाला सिंह चौहान शामिल हैं। आरोपितों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को गुढ़ियारी इलाके में तेज आवाज में DJ बजाने के मामले में कोलाहल अधिनियम के तहत एक वाहन और साउंड सिस्टम जब्त किया गया था। अगले दिन दोपहर करीब 2:30 बजे कुछ युवक इसे छुड़ाने के लिए गुढ़ियारी थाने पहुंचे।बताया गया कि युवक थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू के कक्ष में जाकर फर्श पर बैठ गए और जब्त वाहन व साउंड सिस्टम तत्काल छोड़ने की मांग करने लगे।
थाना प्रभारी ने उन्हें बताया कि पुलिस की ओर से जब्ती की कार्रवाई पूरी हो चुकी है और अब वाहन व साउंड सिस्टम न्यायालय की प्रक्रिया के जरिए ही वापस मिल सकता है। पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर युवक नाराज हो गए और थाना प्रभारी व वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्द कहने लगे।इसके बाद मामला बहस से बढ़कर हंगामे तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की भी की गई।
पुलिस ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान थाना प्रभारी के कक्ष में रखे गमले और पेन स्टैंड को फर्श पर पटककर नुकसान पहुंचाया गया। इसी दौरान लकड़ी की नामपट्टिका उठाकर फेंकी गई, जो कमरे में लगे सरकारी टीवी से जा टकराई और टीवी क्षतिग्रस्त हो गया।पुलिस के मुताबिक कुछ लोगों ने थाना प्रभारी को वर्दी उतरवाने और धमकी देने जैसी बातें भी कहीं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि मामले की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
घटना को लेकर थाना प्रभारी नरेंद्र साहू की शिकायत पर पुलिस ने सात नामजद आरोपितों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों और थाने में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।