

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Bastar 2.0 launched; CM Sai presented a development blueprint to PM Modi and invited him to visit Bastar.
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बस्तर के समग्र विकास का विस्तृत ब्लूप्रिंट प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के अंत के बाद प्रदेश में स्थापित शांति के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए उन्हें मानसून के बाद बस्तर दौरे का आमंत्रण भी दिया।
‘बस्तर 2.0’ के जरिए विकास का नया विजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। ‘बस्तर 2.0’ के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और रोजगार के क्षेत्र में बड़े बदलाव की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर में डर नहीं, बल्कि विकास और उम्मीद का माहौल है।
सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी पर फोकस
ब्लूप्रिंट में दूर-दराज के गांवों को जोड़ने के लिए 228 नई सड़कों और 267 पुलों के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधूरे कार्यों को 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। साथ ही रेल लाइन विस्तार और एयरपोर्ट विकास से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करने की योजना है।
शिक्षा-स्वास्थ्य में बड़े प्रोजेक्ट
बस्तर में एजुकेशन सिटी, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। 45 पोटा केबिन स्कूलों को स्थायी भवनों में बदला जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार और डॉक्टरों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल बनाए जाएंगे।
कृषि और सिंचाई को मिलेगा बढ़ावा
इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार में दो बड़े सिंचाई प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए हैं, जिनसे 31,840 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रोजगार और आय बढ़ाने की योजना
सरकार ने तीन वर्षीय योजना तैयार की है, जिसके तहत 2029 तक 85% परिवारों की मासिक आय 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने का लक्ष्य है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ योजना का दायरा बढ़ाकर नए जिलों को भी जोड़ा जा रहा है।
स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट पर जोर
‘अंजोर विजन 2047’ और ‘विकसित भारत@2047’ के तहत 2030 तक 5,000 स्टार्टअप तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक एक लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से 40 हजार को रोजगार भी मिला है।
पर्यटन को मिलेगा वैश्विक पहचान
बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान को विकसित कर वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में काम हो रहा है। एडवेंचर टूरिज्म, कैनोपी वॉक और ग्लास ब्रिज जैसी परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं।
‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम से गांव-गांव तक योजनाएं
‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम के तहत हर ग्राम पंचायत में शिविर लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिया जाएगा। दस्तावेज तैयार करने से लेकर समस्याओं के समाधान तक की प्रक्रिया गांव स्तर पर ही पूरी की जाएगी।
पीएम दौरे में कई परियोजनाओं का शिलान्यास संभव
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन, जगदलपुर एयरपोर्ट विस्तार, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेज जैसी प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जा सकता है।