

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bengal Election: BJP tsunami in Bengal, lead in 190 seats, Mamata government's departure certain
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। शुरुआती 5 घंटों की मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) 190 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) 99 सीटों पर सिमटती दिखाई दे रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा 177 और टीएमसी 94 सीटों पर आगे चल रही है। वोट शेयर की बात करें तो भाजपा को करीब 45 प्रतिशत और टीएमसी को 42 प्रतिशत वोट मिलते दिख रहे हैं।
बंगाल में जश्न का माहौल, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मनाई जीत
बड़ी बढ़त मिलने के बाद बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। कोलकाता समेत कई जिलों में कार्यकर्ता एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर खुशी मना रहे हैं। राजधानी कोलकाता में समर्थक पारंपरिक “झालमुढ़ी” के साथ जीत का जश्न मनाते नजर आए।
भवानीपुर और नंदीग्राम बनी हाई-वोल्टेज सीटें
राज्य की सबसे चर्चित सीट भवानीपुर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। शुरुआती रुझानों में सुवेंदु अधिकारी करीब 1500 वोटों से आगे चल रहे थे। वहीं नंदीग्राम सीट पर भी सुवेंदु अधिकारी ने लगभग 3100 वोटों की बढ़त बनाई हुई है।
हालांकि बाद के रुझानों में भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी 19 हजार से अधिक मतों से आगे निकलती दिखाई दीं, लेकिन उनके कई मंत्रियों की स्थिति कमजोर बनी हुई है।
ममता सरकार के कई मंत्री पीछे
टीएमसी सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री अपनी-अपनी सीटों पर पिछड़ते नजर आ रहे हैं। उदयन गुहा, सिद्धिकला चौधरी, मलय घटक और शशि पंजा जैसे बड़े चेहरे शुरुआती दौर की गिनती में पीछे चल रहे हैं। इससे पार्टी की मुश्किलें और बढ़ती दिखाई दे रही हैं।
‘खेला होबे’ का नारा पड़ा फीका
2021 के चुनावों में चर्चित रहे “खेला होबे” गाने के सिंगर देबांग्शु भट्टाचार्य इस बार हुगली जिले की चुंचुड़ा सीट से पीछे चल रहे हैं। बीजेपी उम्मीदवार सुबीर नाग ने इस सीट पर मजबूत बढ़त बना ली है। राजनीतिक गलियारों में इसे टीएमसी के कमजोर होते जनाधार का संकेत माना जा रहा है।
आसनसोल में काउंटिंग के दौरान बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
आसनसोल में मतगणना के दौरान बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हो गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बीजेपी के लिए ऐतिहासिक जीत की ओर संकेत
अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं तो पश्चिम बंगाल में 15 साल बाद सत्ता परिवर्तन होगा। बीजेपी पहली बार अपने दम पर बंगाल की सत्ता तक पहुंचती दिखाई दे रही है, जबकि ममता बनर्जी की टीएमसी को बड़ा झटका लग सकता है।