

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

West Bengal Elections 2026: TMC lags behind in saffron wave, BJP nears two-thirds majority
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। शुरुआती आंकड़ों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रचंड बढ़त बनाते हुए दो-तिहाई बहुमत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। राज्य की 294 सीटों में से बीजेपी करीब 195 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 93 सीटों पर आगे चल रही है।
वहीं लेफ्ट को 3 सीटों पर बढ़त मिली है, जबकि कांग्रेस का खाता खुलता नजर नहीं आ रहा। अन्य उम्मीदवार दो सीटों पर आगे बताए जा रहे हैं। चुनाव आयोग के ताजा रुझानों के मुताबिक बीजेपी डबल सेंचुरी से सिर्फ पांच सीट दूर दिखाई दे रही है।
भवानीपुर में ममता आगे, नंदीग्राम में सुवेंदु की पकड़ मजबूत
राज्य की सबसे चर्चित भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से 13,842 वोटों से आगे चल रही हैं। हालांकि दूसरी ओर सुवेंदु अधिकारी अपनी पारंपरिक नंदीग्राम सीट पर टीएमसी उम्मीदवार पबित्र कर के खिलाफ 8,702 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं।
इन दोनों सीटों पर पूरे राज्य की नजर बनी हुई है, क्योंकि यही मुकाबला बंगाल की राजनीति का सबसे बड़ा प्रतीक माना जा रहा है।
बंगाल की 5 हॉट सीटों का हाल
1. भवानीपुर
ममता बनर्जी बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से 13,842 वोटों से आगे।
2. नंदीग्राम
सुवेंदु अधिकारी टीएमसी के पबित्र कर से 8,702 वोटों से आगे।
3. बहरामपुर
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी बीजेपी के शुभ्रत मैत्रा से 5,669 वोटों से पीछे।
4. रेजीनगर
टीएमसी उम्मीदवार हुमायूं कबीर बीजेपी के बपन घोष से 32,738 वोटों से आगे।
5. पानीहाटी
बीजेपी उम्मीदवार और आरजीकर रेप पीड़िता की मां करीब 10 हजार वोटों से आगे चल रही हैं।
जहां मोदी ने खाई थी झालमुड़ी, वहां बीजेपी का क्लीन स्वीप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रचार के दौरान चर्चित झालमुड़ी स्टॉल वाला इलाका भी इस बार बीजेपी के रंग में रंगता नजर आया। झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम इन चारों सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में बीजेपी की बढ़ती पकड़ के तौर पर देख रहे हैं।
बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्न, ममता के घर के बाहर लगे जय श्रीराम के नारे
रुझानों में बड़ी जीत की तस्वीर साफ होते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में जश्न मनाना शुरू कर दिया। कोलकाता समेत कई जिलों में समर्थक सड़कों पर उतर आए और पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर के बाहर भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए।
इधर, मतगणना के बीच ममता बनर्जी ने अपने उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से बूथ नहीं छोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतिम परिणाम आने तक सतर्क रहने की जरूरत है।
बंगाल की राजनीति में नए युग की आहट
अगर रुझान नतीजों में बदलते हैं तो पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी अपने दम पर सरकार बनाती नजर आएगी। लंबे समय तक वामपंथ और फिर टीएमसी के प्रभुत्व वाले राज्य में यह बदलाव राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है।